‘मुश्किल समय में हम साथ नहीं छोड़ते’, कांग्रेस के DMK से नाता तोड़ने पर अखिलेश यादव ने कसा तंज

0
  • तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद राज्य की राजनीति में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। चुनाव में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला, जिसके बाद सरकार गठन को लेकर लगातार बैठकों और राजनीतिक बातचीत का दौर जारी है। इसी बीच कांग्रेस ने DMK से अलग होकर अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) को समर्थन देने का फैसला किया है। कांग्रेस के इस कदम के बाद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि “हम मुश्किल समय में एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ते।”
  • अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
  • अखिलेश यादव ने यह बात सोशल मीडिया पर ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) और एमके स्टालिन (M K Stalin) के साथ तस्वीर साझा करते हुए कही। उनके बयान को कांग्रेस के फैसले पर तंज माना जा रहा है। तमिलनाडु विधानसभा की 234 सीटों में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत है। विजय की TVK सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और उसके पास 108 सीटें हैं। कांग्रेस के 5 विधायकों के समर्थन के बाद यह संख्या 112 तक पहुंच गई है। अब सरकार बनाने के लिए TVK को कुछ और विधायकों के समर्थन की जरूरत है।
  • TVK की वामपंथी दलों और अन्य पार्टियों के साथ बातचीत जारी
  • इसी को लेकर वामपंथी दलों और अन्य पार्टियों के साथ बातचीत जारी है। चेन्नई में CPI(M) और CPI की बैठकें हो रही हैं। दोनों पार्टियों के पास 2-2 विधायक हैं। इसके अलावा VCK पार्टी के भी 2 विधायक हैं। अगर ये सभी दल TVK को समर्थन देते हैं तो विजय आसानी से बहुमत का आंकड़ा पार कर सकते हैं। TVK के नेताओं ने समर्थन जुटाने के लिए CPI नेताओं से मुलाकात भी की है। CPI(M) नेताओं ने कहा है कि उन्हें विजय की ओर से समर्थन मांगने वाला पत्र मिला है और इस पर पार्टी बैठक में फैसला लिया जाएगा।वामपंथी दलों ने यह भी कहा कि सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते राज्यपाल को विजय को सरकार बनाने का मौका देना चाहिए। उन्होंने राज्यपाल से संविधान के अनुसार फैसला लेने की मांग की है। तमिलनाडु में इस बार के चुनाव ने लंबे समय से चली आ रही DMK और AIADMK की राजनीति को बड़ा झटका दिया है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आखिर राज्य में नई सरकार किसकी बनेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here