माता-पिता अपने बच्चों को तन, मन, धन से सींचकर बड़ा करते हैं, लेकिन बड़े होने के बाद उन्हीं बच्चों के पास अपने बूढ़े पैरंट्स के लिए प्यार, सम्मान तो छोड़िए वक्त तक नहीं रहता। इस भावुक विषय पर अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘बागबान’ आज भी याद की जाती है। अब इसी संवेदनशील कहानी को कॉमेडी की चाशनी में लपेटकर लाए हैं कॉमेडियन कपिल शर्मा। देखा जाए तो उन्होंने एक समसामयिक संदेश वाली साफ सुथरी फैमिली एंटरटेनर बनाने की अच्छी कोशिश की है, लेकिन कई जगह बेतुके ह्यूमर के कारण फिल्म के इमोशन कमजोर पड़ जाते हैं। इस फिल्म से ऋषि कपूर और नीतू कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी ने एक्टिंग में डेब्यू किया है। यह फिल्म शुक्रवार, 8 मई को मदर्स डे पर रिलीज हुई है। कहानी के केंद्र में भी एक मां है।
‘दादी की शादी’ की कहानी
कहानी शिमला की विमला आहूजा (नीतू कपूर) की है, जो बेटे-बेटी, बहू, नाती, पोते का भरा-पूरा परिवार होने के बावजूद अकेली रहती है। बच्चे कई साल से उनसे मिले नहीं हैं। लेकिन जब उनका बड़ा बेटा जीवन (दीपक दत्ता) अपनी बेटी कन्नू (सादिया खतीब) का रोका टोनी कालरा (कपिल शर्मा) के साथ कर रहा होता है, तभी सोशल मीडिया के जरिए पता चलता है कि उसकी मां यानी विमला भी दूसरी शादी कर रही हैं। जाहिर है इस अनहोनी खबर से हंगामा तो मच ही जाता है। कन्नू और टोनी का रिश्ता भी टूट जाता है। टोनी के बाऊजी का सीधा फरमान है कि अगर दादी शादी करेगी तो वह पोती को अपने घर में नहीं आने देंगे। जबकि टोनी कॉलेज के जमाने से उससे एकतरफा मोहब्बत करता है।
अब कहानी इसी मजेदार ड्रामे में बदल जाती है। टोनी अपना प्यार बचाने और विमला के दोनों बेटे अपना सोशल स्टेटस बचाने के लिए परिवार समेत शिमला पहुंच जाते हैं। अब सवाल ये है कि दादी की शादी का राज क्या है? क्या टोनी और उसके बच्चे दादी को दूसरी शादी करने से रोक पाते हैं? यह सब आपको फिल्म देखकर पता चलेगा।
‘दादी की शादी’ मूवी रिव्यू
राइटर-डायरेक्टर आशीष आर मोहन ने वैसे तो फिल्म को कॉमेडी, रोमांस, इमोशन, ड्रामा से भरपूर फैमिली एंटरटेनर बनाने की कोशिश की है, लेकिन लिखाई कमजोर रह गई है। स्क्रीनप्ले में काफी खामियां हैं। कुछ ट्रैक तो खासे बेतुके लगते हैं, जैसे विमला का जुए में करोड़ों हार जाना और उसके दिल्लीवासी बेटों और सिंगापुर रिटर्न बेटी (रिद्धिमा साहनी) का बड़ी आसानी से इस बात पर यकीन कर लेना।










































