अगस्त का महीना अपने साथ कई बदलाव लेकर आ रहा है। इसमें रेलवे के तत्काल टिकट बुकिंग से जुड़े नियम, एलपीजी सिलेंडर की कीमत, विंडफॉल टैक्स, ITR डेडलाइन, क्रेडिट कार्ड और FD से जुड़े नियम शामिल हैं। साथ ही आधार बेस्ड CKYC सिस्टम में बदलाव होने जा रही है। जानिए पूरी डिटेल।
रेलवे रिजर्वेशन काउंटर पर तत्काल ट्रेन टिकट बुक करने वाले यात्रियों को अब लंबी लाइनों में इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वेस्ट सेंट्रल रेलवे 1 अगस्त से टोकन-बेस्ड सिस्टम शुरू करने जा रहा है। इसका मकसद बुकिंग प्रोसेस को आसान बनाना, भीड़ को बेहतर ढंग से मैनेज करना और काउंटर पर पारदर्शिता बढ़ाना है। नई व्यवस्था के तहत, यात्रियों को तत्काल बुकिंग शुरू होने से पहले लंबी लाइनों में खड़े होने के बजाय, एक तय समय के अंदर टोकन लेना होगा। टोकन मिलने के बाद, वे टिकट बुकिंग की प्रक्रिया पूरी करने के लिए अपने तय समय पर रिजर्वेशन काउंटर पर वापस आ सकते हैं।
सरकारी तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी सिलेंडर की कीमत में संशोधन करती हैं। ईरान युद्ध के बीच हाल में कच्चे तेल की कीमत में काफी उतारचढ़ाव देखा गया है। तेल कंपनियों ने 1 जुलाई को 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 183.50 रुपये की कटौती की थी। इस साल पहली बार रेट घटाए गए थे। इसी के साथ 5 किलो वाले छोटू सिलेंडर की कीमत में भी 13 रुपये की कटौती की गई थी।
ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से सरकार हर 15 दिन में इसकी समीक्षा करती है। 16 जुलाई को सरकार ने कच्चे तेल की बढ़ती कीमत के बीच डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) एक्सपोर्ट पर विंडफॉल टैक्स बढ़ाया था जबकि पेट्रोल के एक्सपोर्ट पर लेवी कम कर दी। विंडफॉल टैक्स ऐसी कंपनियों या इंडस्ट्री पर लगाया जाता है जिन्हें किसी खास तरह के हालात से तत्काल काफी फायदा होता है।










































