गोंदिया के निखार भलावी प्रथम, नागपुर के सोहम चौधरी द्वितीय, विजेताओं को मिले नगद पुरस्कार
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत लड़सड़ा में शौर्य यूथ क्लब एवं ग्रामवासियों के तत्वावधान में युवाओं को खेल भावना, शारीरिक रूप से स्वस्थ,अनुशासित एवं नशे से दूर रहने के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ६ किलोमीटर की मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। रविवार की सुबह ७ बजे आयोजित इस मैराथन में मध्यप्रदेश एवं महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में युवा धावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता दर्ज कराई। प्रतियोगिता में कुल २७८ युवाओं ने ऑनलाइन पंजीयन कराया था जिनमें से १९४ प्रतिभागियों ने मौके पर ऑफ लाइन पंजीयन कर दौड़ में हिस्सा लिया। मैराथन का शुभारंभ योगराम बावने सेवानिवृत्त सूबेदार एवं सैनिक कल्याण संयोजक जिला सैनिक कल्याण विभाग बिलासपुर छत्तीसगढ़ के मुख्य आतिथ्य ,जनपद सदस्य श्रीमती लक्ष्मी रेखलाल नगपुरे एवं रामपायली थाना प्रभारी विनोद यादव , सरपंच श्रीमती कलावंती चिन्नीलाल बघेले की अध्यक्षता में प्रारंभ किया गया। जिसमें कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन दौड़ को रवाना किया। मैराथन दौड़ ग्राम पंचायत भवन के सामने से प्रारंभ होकर लाल पहाड़ी तक पहुंची तथा वहां से वापस ग्राम पंचायत भवन में समाप्त हुई। निर्धारित ६ किलोमीटर की इस दौड़ में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह, जोश और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में बालाघाट जिले के अलावा गोंदिया, नागपुर, सिवनी, होशंगाबाद, नरसिंहपुर, बैतूल सहित अन्य क्षेत्रों से पहुंचे धावकों ने हिस्सा लिया। सुबह से ही आयोजन स्थल पर युवाओं और ग्रामीणों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली।
निखार भलावी ने १९ मिनट ४१ सेकंड में पूरी की दौड़
मैराथन प्रतियोगिता में धावकों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। गोंदिया निवासी २० वर्षीय निखार भलावी ने मात्र १९ मिनट ४१ सेकंड में ६ किलोमीटर की दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं नागपुर निवासी २० वर्षीय सोहम चौधरी ने १९ मिनट ४७ सेकंड में दौड़ पूरी कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। नरसिंहपुर निवासी १७ वर्षीय पुष्पेंद्र वारासर ने २० मिनट १२ सेकंड में दौड़ पूरी कर तृतीय स्थान हासिल किया। इसी प्रकार नागपुर के राहुल हरिनखेड़े ने २१ मिनट १८ सेकंड में दौड़ पूरी कर चौथा स्थान तथा सिवनी निवासी २१ वर्षीय शशिकुमार उइके ने २२ मिनट १४ सेकंड में दौड़ पूरी कर पांचवां स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले निखार भलावी को ७७७७ रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले सोहम चौधरी को ५५५५ रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले पुष्पेंद्र वारासर को ३३३३ रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं चौथे एवं पांचवें स्थान पर रहे प्रतिभागियों को १०००-१००० रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। सभी पांचों विजेताओं को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा छठवां स्थान प्राप्त करने वाले शैलेंद्र कावरे, सातवां स्थान प्राप्त करने वाले सुजल पंचेश्वर, आठवां स्थान प्राप्त करने वाले महेंद्र मोहतुर, नौवां स्थान प्राप्त करने वाले संदीप यादव एवं दसवां स्थान प्राप्त करने वाले अतुल वाघाड़े को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में शामिल अन्य सभी प्रतिभागियों को भी प्रमाण पत्र वितरित किए गए।









































