तेज रफ्तार मोटरसाइकिल पेड़ से टकराई: दो व्यक्ति की मौके पर दर्दनाक मौत

0

डोंगरिया-जगला मार्ग के थूर्रमेटा फाटा मोड़ पर हुआ भीषण सड़क हादसा

बिरसा पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

बालाघाट। बिरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डोंगरिया से जगला के बीच थूर्रमेटा फाटा के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल पर सवार दोनों व्यक्तियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना 15 नवंबर को दोपहर लगभग 2:30 बजे की बताई जा रही है। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अमोलसिंह पिता अमीरचंद पन्द्रे 35 वर्ष ग्राम डोंगरिया तथा अशवंत सिंह पिता जयसिंह धुर्वे 45 वर्ष ग्राम तरेगांव निवासी के नाम से हुई है। दोनों व्यक्ति बिरसा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि दोनों व्यक्ति मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान थूर्रमेटा फाटा के मोड़ पर मोटरसाइकिल चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और बाइक सीधे सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।हादसे की सूचना मिलते ही बिरसा थाना पुलिस सक्रिय हुई। सहायक उप निरीक्षक राजेश सनोडिया पुलिस स्टाफ के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद दोनों मृतकों के शवों को बिरसा अस्पताल पहुंचाया.जहां अस्पताल की मरचुरी में सुरक्षित रखवाया गया।घटना की जानकारी मिलने पर मृतकों के परिजन भी देर शाम तक बिरसा अस्पताल पहुंच गए थे। अचानक हुए इस हादसे से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं क्षेत्र के लोगों में भी घटना को लेकर शोक व्याप्त है।

कहां जा रहे थे दोनों युवक:पुलिस कर रही जांच

फिलहाल दोनों व्यक्ति मोटरसाइकिल से कहां जा रहे थे और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस द्वारा परिजनों से पूछताछ किए जाने के बाद ही उनके गंतव्य और हादसे से जुड़ी अन्य परिस्थितियों का खुलासा होने की संभावना है। प्रारंभिक तौर पर मोटरसाइकिल के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने की बात सामने आई है।बिरसा पुलिस ने मामले में धारा 194 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक दुर्घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण बनाए रखने की आवश्यकता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here