अनुष्का शर्मा, विराट कोहली और उनके परिवार ने मुंबई के वर्सोवा स्थित ‘गोदरेज स्काईशोर’ में 24वें माले पर 44.1 करोड़ रुपये के तीन लग्जरी फ्लैट खरीदे हैं।बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा, उनके पति विराट कोहली और उनके परिवार ने मुंबई के वर्सोवा स्थित ‘गोदरेज स्काईशोर’ (Godrej Skyshore) प्रोजेक्ट में करोड़ों रुपये का बड़ा रियल एस्टेट निवेश किया है। प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों से मिली जानकारी के अनुसार, इस परिवार ने मुंबई के यारी रोड स्थित टॉवर-A के 24वें फ्लोर पर एक ही दिन और एक ही महीने में कुल 3 लग्जरी अपार्टमेंट खरीदे हैं। इन तीनों प्रॉपर्टीज का कुल संयुक्त मूल्य करीब 44.1 करोड़ रुपये है। इसके साथ ही इस साल की शुरुआत में इस स्टार कपल ने अलीबाग में भी बड़ी जमीन खरीदी थी, जिससे उनके हालिया रियल एस्टेट पोर्टफोलियो की कुल वैल्यू में भारी बढ़ोतरी देखी जा रही है।
अनुष्का शर्मा ने खरीदा 14.9 करोड़ रुपये का लग्जरी फ्लैट
अनुष्का शर्मा ने निजी तौर पर ‘गोदरेज स्काईशोर’ के टॉवर-A के 24वें माले पर एक शानदार अपार्टमेंट अपने नाम किया है। सीआरई मैट्रिक्स (CRE Matrix) द्वारा हासिल किए गए प्रॉपर्टी दस्तावेजों के अनुसार, इस सौदे का रजिस्ट्रेशन 8 जुलाई 2026 को हुआ था। इस अपार्टमेंट का कुल क्षेत्रफल करीब 2,153.7 वर्ग फीट है, जिसमें करीब 2,026 वर्ग फीट कारपेट एरिया और करीब 128 वर्ग फीट की बालकनी या टेरेस का हिस्सा शामिल है। अनुष्का ने यह प्रॉपर्टी ‘वन-स्टॉप बिजनेस सर्विसेज एलएलपी’ से खरीदी है, जिसे गोदरेज प्रॉपर्टीज द्वारा डेवलप किया जा रहा है। इस फ्लैट की कुल कीमत 14.9 करोड़ रुपये तय की गई है, जिसके लिए 74.48 लाख रुपये की स्टाम्प ड्यूटी भी चुकाई गई है। इस फ्लैट के साथ अनुष्का को तीन कवर्ड बेसमेंट पार्किंग स्लॉट भी मिले हैं।
माता-पिता के नाम पर भी उसी फ्लोर पर खरीदा दूसरा अपार्टमेंट
उसी दिन यानी 8 जुलाई 2026 को अनुष्का के माता-पिता, आशिमा अजय कुमार शर्मा और अजय कुमार शर्मा के नाम पर भी टॉवर-A के 24वें फ्लोर पर ही एक और अपार्टमेंट का रजिस्ट्रेशन कराया गया। इस दूसरे फ्लैट का कुल क्षेत्रफल करीब 1,577 वर्ग फीट है, जिसमें 1,477.8 वर्ग फीट कारपेट एरिया और 99.2 वर्ग फीट का बालकनी स्पेस मौजूद है। इस अपार्टमेंट की कीमत 10.91 करोड़ रुपये है और इसके लिए 65.45 लाख रुपये का स्टाम्प ड्यूटी चार्ज दिया गया है। माता-पिता वाले इस फ्लैट के साथ दो कवर्ड बेसमेंट पार्किंग स्पेस आवंटित किए गए हैं। इन दोनों शुरुआती फ्लैट्स का संयुक्त मूल्य 25.8 करोड़ रुपये होता है, जिसका कुल कारपेट एरिया करीब 3,731 वर्ग फीट है और इसमें कुल 5 पार्किंग स्पेस शामिल हैं।अनुष्का और विराट का 18.29 करोड़ रुपये का संयुक्त निवेश
‘गोदरेज स्काईशोर’ में खरीदारी का यह सिलसिला यहीं खत्म नहीं हुआ। जैपस्की (Zapskey) द्वारा निकाले गए दस्तावेजों के मुताबिक, अनुष्का शर्मा और उनके क्रिकेटर पति विराट कोहली ने जुलाई 2026 में ही इसी प्रोजेक्ट में एक और फ्लैट संयुक्त रूप से (Jointly) खरीदा। 21 जुलाई 2026 को पंजीकृत इस तीसरे फ्लैट की कीमत 18.29 करोड़ रुपये है, जिसके लिए करीब 1.09 करोड़ रुपये की स्टाम्प ड्यूटी का भुगतान किया गया। इस तरह टॉवर-A के पूरे 24वें माले पर परिवार ने कुल तीन अपार्टमेंट्स अपने नाम कर लिए हैं। कारपेट एरिया के हिसाब से इन फ्लैट्स की कीमत करीब 73,500 रुपये से 74,000 रुपये प्रति वर्ग फीट बैठती है। फ्लैट्स के एग्रीमेंट के अनुसार, इस अंडर-कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट का पजेशन 30 जून 2031 या उससे पहले मिलने की उम्मीद है और इसका पेमेंट शेड्यूल निर्माण के अलग-अलग चरणों से जुड़ा हुआ है।
अलीबाग में 37.86 करोड़ रुपये की जमीन भी खरीदे
गोदरेज स्काईशोर में किए गए इस बड़े निवेश से पहले भी यह कपल इस साल रियल एस्टेट की खबरों में बना रहा है। जनवरी 2026 में अनुष्का और विराट ने अलीबाग के जीराद गांव में करीब 5.19 एकड़ के दो सटे हुए जमीन के टुकड़े 37.86 करोड़ रुपये में संयुक्त रूप से खरीदे थे। 13 जनवरी 2026 को रजिस्टर्ड हुई इस डील पर 2.27 करोड़ रुपये की स्टाम्प ड्यूटी चुकाई गई थी। अलीबाग में इस कपल की यह दूसरी बड़ी जमीन खरीद थी। इससे पहले 2022 में भी उन्होंने अलीबाग में 19.24 करोड़ रुपये में करीब आठ एकड़ जमीन खरीदी थी, जहां उन्होंने अपना एक बेहद खूबसूरत और लग्जरी हॉलिडे होम तैयार कराया है।







































