पदमेश न्यूज़, बालाघाट।स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की प्रस्तावित दो दिवसीय हड़ताल शुरू होने से पहले ही समाप्त हो गई। बैंक मैनेजमेंट और यूनियन पदाधिकारियों के बीच हुई सकारात्मक चर्चा और सहमति के बाद यूनियन ने हड़ताल स्थगित करने का ऐलान कर दिया। इस फैसले के बाद बैंक ग्राहकों ने राहत की सांस ली है।ज्ञात हो कि वर्षो से लंबित कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर एसबीआई बैंक यूनियन द्वारा हड़ताल की घोषणा की गई थी, जिसके चलते ग्राहकों को लगातार 5 दिनों तक बैंक बंद रहने की चिंता सताने लगी थी। लेकिन अंतिम समय में दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने से हड़ताल स्थगित कर दी गई है।जिससे अब सिर्फ अवकाश के दिनों को छोड़कर बाकी सभी दिन बैंक खुले रहेंगे।
बैंक ग्राहकों को मिली बड़ी राहत
उधर हड़ताल स्थगित होने से जिले भर की सभी 18 शाखाएं केवल शासकीय अवकाशों के दौरान ही बंद रहेंगे और अन्य सभी दिनों में सामान्य रूप से बैंकिंग कार्य जारी रहेगा। इससे नकद लेनदेन, चेक क्लियरिंग, पासबुक अपडेट, सरकारी योजनाओं के भुगतान और अन्य बैंकिंग सेवाओं पर पड़ने वाला संभावित असर टल गया है।जिलेभर के व्यापारियों, किसानों, कर्मचारियों और आम खाताधारकों ने इस फैसले का स्वागत किया है। बताया जा रहा है कि यदि हड़ताल होती तो जिले की सभी शाखाओं में कामकाज प्रभावित होता और हजारों उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता। फिलहाल हड़ताल स्थगित होने के बाद बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होंगी।
16 सूत्रीय मांगों को लेकर किया था हड़ताल का आव्हान
बैंक कर्मचारी संगठन द्वारा 16 सूत्रीय मांगों को लेकर 25 और 26 मई को 2 दिवसीय हड़ताल का आव्हान किया गया था।जिंसमे यूनियन ने संदेशवाहक कर्मियों की भर्ती कराने, सशस्त्र सुरक्षा कर्मियों की भर्ती करने, राष्ट्रीय पेंशन योजना के कर्मचारियों के लिए पेंशन फंड मैनेजर बदलने का विकल्प देने, वर्ष 2019के बाद से भर्ती हुए कर्मचारियों के लिए अंतर-मंडल स्थानांतरण कि सुविधा देने, स्थायी कामकाज में आउटसोर्सिंग बंद करने, पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की भर्ती करने, भारतीय स्टेट बैंक में समानता का व्यवहार करने, कैरियर प्रगति योजना की समय समय पर समीक्षा करने,10वें द्विपक्षीय समझौते के सेवानिवृत्त कर्मियों को आभासीय 8वीं स्टेगनेशन वेतन वृद्धि प्रदान करने, चिकित्सक परामर्श शुल्क 15 जुलाई 2024 से प्रभावी करने, चिकित्सा प्रतिपूर्ति योजना में सुधार करने, 7वें द्विपक्षीय वेतन समझौते के सेवानिवृत्त कर्मियों की सेवानिवृत्ति के समय से ही पेंशन में सभी वेतन घटकों को सम्मिलित करने, एचआरएमएस समस्याओं का समाधान करने, कर्मचारी निदेशक की नियुक्ति करने,पेंशन फंड ट्रस्टी नामांकित की नियुक्ति करने, और क्रॉस-सेलिंग के नाम पर गलत तरीके से बिक्री बंद कराने सहित अन्य मांगे शामिल थी।जिनपर मिले आश्वासन के बाद यूनियन ने हड़ताल स्थगित कर दी है ।
हड़ताल स्थगित, सोमवार से खुलेगी सभी शाखाएं- अतुल मेश्राम
मामले के लेकर दुरभाष पर की गई चर्चा के दौरान एसबीआई मुख्य शाखा कर्मचारी अतुल मेश्राम ने बताया कि 25 और 26 को कर्मचारी यूनियन द्वारा हड़ताल का ऐलान किया गया था।बैंक यूनियन और प्रबंधन के बीच हुईं बातचीत में सकारात्मक परिणाम निकलने के बाद इस हड़ताल को फिलहाल टाल दिया गया है।प्रबंधन ने सभी मांगो पर विचार करने का आश्वासन दिया है।जिनके ठोस आश्वासन पर यूनियन पदाधिकारियो द्वारा हड़ताल स्थगित करने का सन्देश भेजा गया है।अब जब बैंक मैनेजमेंट ने इन सभी मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने और सकारात्मक कदम उठाने का मजबूत आश्वासन दिया है, तो कर्मचारी संघ ने भी नरमी दिखाते हुए हड़ताल वापस ले ली है। इससे आम जनता को तो राहत मिली है,अब अवकाश के दिनों के छोड़कर सोमवार से सभी शाखाएं शुरू रहेंगी










































