पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय के हाई स्कूल मार्ग स्थित कृषि उपज मंडी कॉम्पलेक्स परिसर में २५ अप्रैल को कतिया समाज द्वारा आराध्य संत भूरा भगत की प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। इस गौरवमयी अवसर पर जिला स्तरीय जयंती कार्यक्रम एवं सम्मेलन का आयोजन पंवार मंगल भवन में संपन्न हुआ, जिसमें समाज की एकता और प्रगति की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम का शुभारंभ २५ अप्रैल को सुबह ११ बजे मानपुर चौक से निकली भव्य रैली के साथ हुआ। यह रैली गाजे-बाजे के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करते हुए हाई स्कूल मार्ग स्थित प्रतिमा स्थल पहुंची। जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के पश्चात अतिथियों द्वारा संत भूरा भगत की प्रतिमा का अनावरण किया गया। जिसके बाद यह रैली पंवार मंगल भवन पहुंची जहां मंचीय कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। यह कार्यक्रम कतिया समाज जिला कमेटी अध्यक्ष दिनेश सोनेकर, जनपद अध्यक्ष श्रीमती देवीलता ग्वालवंशी, पांढरवानी सरपंच अनीस खान सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के मुख्य आतिथ्य एवं कतिया समाज ब्लॉक कमेटी अध्यक्ष खिलेन्द्र सोनवंशी की अध्यक्षता में प्रारंभ हुआ। जिसमें सर्वप्रथम उपस्थितजनों ने संत भूरा भगत के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं, शासकीय सेवा में चयनित होकर समाज का नाम रोशन करने वाले युवाओं एवं समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया। वहीं इस अवसर पर बच्चों और युवाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। मनमोहक नृत्य और गीतों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि संत भूरा भगत ने समाज को सत्य और सेवा का मार्ग दिखाया है। हमें संत भूरा भगत के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना होगा। समाज के उत्थान के लिए शिक्षा और संगठन सबसे महत्वपूर्ण हैं। जब हम एकजुट होकर कार्य करेंगे, तभी समाज प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुयेगा। इसलिए हम सभी को संगठित होकर समाजोत्थान के क्षेत्र में बेहतर काम करना है।










































