पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी मेंढक़ी मार्ग पर स्थित कोस्ते नाले के पास बीती रात एक दर्दनाक सडक़ हादसा सामने आया है। सिकंद्रा पावर हाउस के सामने हुए इस एक्सीडेंट में ड्यूटी पर जा रहे एक २८ वर्षीय युवक को गंभीर चोटें आई हैं। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अंकित मानेश्वर उम्र २८ वर्ष जो वारासिवनी के वार्ड नंबर १ का निवासी है सिकंद्रा पावर हाउस में कार्यरत है। रोज की तरह वह बीती रात भी अपनी नाइट ड्यूटी निभाने के लिए घर से निकला था। जैसे ही वह पावर हाउस के सामने पहुँचा अज्ञात कारणों के चलते वह सडक़ दुर्घटना का शिकार हो गया। दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि अंकित सडक़ पर जा गिरा और मौके पर ही लहूलुहान होकर अचेत हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद मार्ग से गुजर रहे राहगीरों ने युवक को गंभीर हालत में देख तत्काल संजीवनी १०८ एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी। राहगीरों की मदद से घायल अंकित को तुरंत वारासिवनी के सिविल अस्पताल लाया गया। अस्पताल के डॉक्टरों ने अंकित की गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत उसका प्राथमिक उपचार कर उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए तत्काल जिला चिकित्सालय रिफर कर दिया। फिलहाल जिला अस्पताल में युवक का उपचार जारी है।
000000000000000000000










































