मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो भी अंतिम आठ में पहुंच गए जिन्होंने जापान की युता वातानाबे और माया तागुची को 8-21, 21-17, 21-16 से मात दी। अब उनका सामना कोरिया के किम जाए हियोन जांग और हा जियोंग तथा मलेशिया के चेन तांग जिये और तोह ई वेइ के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा।दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पी वी सिंधू सिंगापुर ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में बृहस्पतिवार को सीधे गेम में जीत दर्ज करके महिला एकल क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई। सिंधू ने 37 मिनट के भीतर जापान की रिको गुंजी को 21-9, 21-12 से हराया। अब उनका सामना शीर्ष वरीयता प्राप्त कोरिया की अन सि यंग से होगा।
वहीं, पुरुष एकल में भारतीय दल ने शानदार शुरुआत की, जिसमें स्टार भारतीय शटलर एचएस प्रणय ने दिन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। प्रणय ने संयमित और जुझारू प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट के प्रबल दावेदारों में से एक, इंडोनेशिया के वर्ल्ड नंबर 5 जोनाथन क्रिस्टी को तीन गेमों में हराकर शानदार जीत दर्ज की। 2023 विश्व चैंपियनशिप और एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता, 33 वर्षीय प्रणय ने वर्ल्ड नंबर 5 को एक घंटे से कुछ ही अधिक समय में हराया। इस महत्वपूर्ण जीत के साथ प्रणय ने क्रिस्टी पर पांच साल बाद पहली जीत दर्ज की, जो 2021 इंडोनेशिया ओपन से चली आ रही हार के सिलसिले को तोड़ती है और इंडोनेशियाई स्टार के खिलाफ उनके पिछले 3-7 के रिकॉर्ड को बेहतर करती है।
पुरूष युगल में चौथी वरीयता प्राप्त सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने कड़े मुकाबले में चीनी ताइपै के ली झि हुइ और यांग पो सुआन को 21-15, 11-21, 21-18 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। अब उनका सामना मलेशिया के खाइ शिंग कांग और आरोन ताइ से होगा।










































