सेंसेक्स की टॉप-10 कंपनियों के स्टॉक में पिछले हफ्ते निवेशकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। शेयर बाजार में सीमित दायरे में कारोबार के चलते बीते सप्ताह सेंसेक्स की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 4 के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में सामूहिक रूप से में 100000 करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट आई है। इस दौरान भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) को सबसे अधिक नुकसान उठाना पड़ा। पिछले हफ्ते भारती एयरटेल, एसबीआई, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) के बाजार पूंजीकरण में गिरावट दर्ज की गई। इसके चलते इन कंपनियों के स्टॉक में निवेश करने वाले निवेशकों को भारी नुकसान हुआ।
इन कंपनियों के निवेशकों की हुई कमाई
वहीं दूसरी ओर रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के बाजार मूल्यांकन में कुल 46,685.21 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई।
एचडीएफसी बैंक का बाजार मूल्यांकन 15,425.09 करोड़ रुपये बढ़कर 12,02,699.26 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। बजाज फाइनेंस का बाजार पूंजीकरण 11,486.89 करोड़ रुपये बढ़कर 5,94,610.02 करोड़ रुपये हो गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर का मूल्यांकन 8,763.97 करोड़ रुपये बढ़कर 5,37,562.98 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 6,563.28 करोड़ रुपये बढ़कर 19,42,866.58 करोड़ रुपये रहा, जबकि एलआईसी का मूल्यांकन 2,751.37 करोड़ रुपये बढ़कर 5,07,549.44 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। आईसीआईसीआई बैंक की बाजार हैसियत 1,694.61 करोड़ रुपये बढ़कर 9,06,675.39 करोड़ रुपये रही।SBI का मार्केट कैप 44,722 करोड़ घटा
सप्ताह के दौरान एसबीआई का बाजार पूंजीकरण 44,722.34 करोड़ रुपये घटकर 9,41,107.62 करोड़ रुपये रह गया। भारती एयरटेल का मूल्यांकन 31,167.1 करोड़ रुपये घटकर 11,18,055.03 करोड़ रुपये पर आ गया। टीसीएस की बाजार हैसियत 28,456.26 करोड़ रुपये घटकर 8,66,477.69 करोड़ रुपये रही। वहीं एलएंडटी का मूल्यांकन 5,371.84 करोड़ रुपये घटकर 5,46,621.21 करोड़ रुपये पर आ गया।
शीर्ष पर रिलायंस कायम
शीर्ष 10 कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एलआईसी का स्थान रहा।
समीक्षाधीन सप्ताह में बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 414.69 अंक यानी 0.53 प्रतिशत चढ़ गया, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 178.6 अंक यानी 0.74 प्रतिशत के लाभ में रहा।










































