‘अधिकारों के साथ कर्तव्यों को भी समझें नागरिक’, कॉन्स्टिट्यूशन वीक 5.0 में अर्जुन राम मेघवाल का संदेश

0

Constitution Week 5.0: कॉन्स्टिट्यूशन वीक 5.0 समारोह के मौके पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों के साथ नागरिकों के कर्तव्यों, समानता और भाईचारे के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संविधान हमें मौलिक अधिकार देता है, लेकिन इसके साथ ही नागरिकों के कुछ कर्तव्य भी हैं। उन्होंने हाल ही में आई वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि 50 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।

भारतीय संविधान सिर्फ देश की शासन व्यवस्था तय करने वाला दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह समानता, स्वतंत्रता और न्याय पर आधारित उस भारत का संकल्प भी है, जिसका सपना संविधान निर्माताओं ने देखा था। इसी संकल्प और संवैधानिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से कॉन्स्टिट्यूशन वीक 5.0 (Constitution Week 5.0) का आगाज हुआ है।

कार्यक्रम का उद्घाटन भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने किया। इस अवसर पर केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के साथ भारत के अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणी भी मौजूद रहे।

’26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने का फैसला क्रांतिकारी सोच’

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि 19 नवंबर 2015 को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की ओर से एक नोटिफिकेशन जारी किया गया था। इसके तहत हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने का फैसला लिया गया। उन्होंने इसे भारत सरकार की एक क्रांतिकारी सोच बताया।

मेघवाल ने कहा कि संविधान हमें मौलिक अधिकार देता है, लेकिन इसके साथ ही नागरिकों के कुछ कर्तव्य भी हैं। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि भारत में सड़क पर चलना हमारा अधिकार है, लेकिन सुरक्षित तरीके से सड़क पर चलने के लिए हमें यातायात के नियमों का पालन करना होगा। सड़क पर बाईं ओर चलना भी इसी जिम्मेदारी का हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि संविधान में लिबर्टी, इक्वलिटी और फ्रेटरनिटी यानी स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को जगह दी गई है। बंधुत्व का जिक्र संविधान की प्रस्तावना में किया गया है। मेघवाल के मुताबिक, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का मानना था कि समाज में भाईचारे की भावना विकसित करना बेहद जरूरी है और ऐसे आयोजन संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मदद करते हैं।

समाजिक और आर्थिक समानता की ओर बढ़ रहा देश

अर्जुन राम मेघवाल ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के उस ऐतिहासिक भाषण का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने सामाजिक और राजनीतिक जीवन के बीच मौजूद विरोधाभास को लेकर आगाह किया था। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने 25 नवंबर 1949 को संविधान सभा में कहा था कि 26 जनवरी 1950 से भारत एक विरोधाभासी जीवन में प्रवेश करेगा। राजनीतिक जीवन में हर व्यक्ति को समानता मिलेगी। यानी एक व्यक्ति, एक वोट और एक वोट का समान मूल्य होगा। लेकिन सामाजिक और आर्थिक जीवन में असमानता बनी रहेगी।

मेघवाल ने बताया कि अंबेडकर का मानना था कि अगर समाज में समानता स्थापित हो जाएगी तो स्वतंत्रता भी अपने आप सुरक्षित हो जाएगी। इसलिए राजनीतिक समानता के साथ सामाजिक और आर्थिक असमानता को दूर करना भी जरूरी है।

उन्होंने हाल ही में आई वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि 50 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। उनके मुताबिक, यह सामाजिक समानता की दिशा में आगे बढ़ने का संकेत है। देश में प्रति व्यक्ति आय में भी लगातार वृद्धि हो रही है, जो आर्थिक समानता की ओर बढ़ते कदमों को दर्शाती है।

ईश्वर चंद्र विद्यासागर का सुनाया किस्सा

अर्जुन राम मेघवाल ने संविधान में शामिल स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व यानी फ्रेटरनिटी के महत्व को समझाने के लिए ईश्वर चंद्र विद्यासागर से जुड़ा एक प्रेरक किस्सा सुनाया। उन्होंने कहा कि समाज में भाईचारे की भावना केवल बातें करने से नहीं, बल्कि एक-दूसरे के प्रति सम्मान और समानता का भाव रखने से विकसित होगी।

मेघवाल ने बताया कि एक बार ईश्वर चंद्र विद्यासागर कोलकाता के एक पार्क में टहल रहे थे। वहां से बाहर निकलते समय उन्हें एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा मिला। विद्यासागर उसे उठाकर अपने घर ले आए और वैद्य को बुलाकर उसका इलाज कराया। तीन-चार दिन बाद उस व्यक्ति को होश आया।

इस बीच विद्यासागर कोलकाता की एक यूनिवर्सिटी में व्याख्यान देने गए हुए थे। तभी उन्हें एक पर्ची मिली कि उनके घर में किसी बात को लेकर झगड़ा होने वाला है। भाषण खत्म कर जब वह घर पहुंचे तो वहां 10-15 लोग खड़े थे। वे उस व्यक्ति को घर लाने पर सवाल उठा रहे थे।

लोगों ने विद्यासागर से कहा कि उन्हें पता भी है कि वह किसे अपने घर ले आए हैं? वह व्यक्ति सफाईकर्मी है। इस पर विद्यासागर ने ऐसा जवाब दिया, जो समाज में समानता और भाईचारे का संदेश देता है।

उन्होंने कहा, ‘यह सफाईकर्मी है। यह पार्क, सड़क और मोहल्लों की सफाई करता है और गंदगी दूर करता है। मैं भी सफाईकर्मी हूं।’ जब लोगों ने उनसे पूछा कि वह किस तरह सफाईकर्मी हैं, तो विद्यासागर ने जवाब दिया, ‘आपके मन में जो मैल भरा हुआ है, उसे दूर करने का काम मैं करता हूं। इसलिए मैं भी सफाईकर्मी हूं।’

‘लोकतंत्र में प्रेस की भी अहम भूमिका’

अर्जुन मेघवाल ने कहा कि समानता (इक्वलिटी), स्वतंत्रता (लिबर्टी) और बंधुत्व (फ्रेटरनिटी) भारतीय संविधान के तीन महत्वपूर्ण मूल्य हैं। उन्होंने विधायिका (लेजिस्लेटिव), कार्यपालिका (एग्जीक्यूटिव) और न्यायपालिका (ज्यूडिशियरी) का भी जिक्र किया। साथ ही उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रेस की भी अहम भूमिका है। मेघवाल ने संविधान के अनुच्छेद 50 का उल्लेख करते हुए शक्तियों के पृथक्करण यानी सेपरेशन ऑफ पावर्स की बात कही। उन्होंने कहा कि संविधान की वजह से ही देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here