‘FICCI से PM के वही सवाल जो हम उठाते रहे हैं’, आर्थिक नीति पर जयराम रमेश ने सरकार को घेरा

0

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने नोटबंदी, जटिल जीएसटी, चीन के साथ बढ़ते व्यापार घाटे और सरकारी एजेंसियों के कथित दुरुपयोग को भी अर्थव्यवस्था की समस्याओं के लिए जिम्मेदार बताया। कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री को दूसरों पर सवाल उठाने के बजाय अपनी सरकार की नीतियों की विफलता स्वीकार करनी चाहिए।

Jairam Ramesh: कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शुक्रवार को कहा कि 12 साल में पहली बार एक घबराए और बेचैन प्रधानमंत्री ने उद्योग जगत के बड़े कारोबारियों को नसीहत दी। फिक्की कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने वे समस्याएं स्वीकार कीं, जिन्हें कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव के घोषणापत्र में भी उठा चुकी थी। जयराम रमेश ने कहा कि महंगाई बेकाबू है, रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं बन रहे और निजी निवेश की रफ्तार सुस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार की नीतियों के कारण आर्थिक ताकत कुछ चुनिंदा बड़े कारोबारियों के हाथों में सिमट गई है, बाजार में प्रतिस्पर्धा खत्म हो रही है और छोटे उद्योगों को नुकसान हो रहा है।

रमेश ने नोटबंदी, जटिल जीएसटी, चीन के साथ बढ़ते व्यापार घाटे और सरकारी एजेंसियों के कथित दुरुपयोग को भी अर्थव्यवस्था की समस्याओं के लिए जिम्मेदार बताया। कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री को दूसरों पर सवाल उठाने के बजाय अपनी सरकार की नीतियों की विफलता स्वीकार करनी चाहिए। सिर्फ भाषण और उद्योगपतियों को नसीहत देने से अर्थव्यवस्था नहीं चलती, इसके लिए सही नीतियां, भरोसे का माहौल और जवाबदेह सरकार जरूरी है।

2024 के हमारे घोषणापत्र में थीं यही बातें-जयराम रमेश

कांग्रेस के 2024 के लोकसभा चुनाव घोषणापत्र का हवाला देते हुए सांसद जयराम रमेश ने कहा, ‘न्याय पत्र 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए हमारा घोषणापत्र था। इसके तहत अर्थव्यवस्था से जुड़ी हमारी चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई थी। हमने न्याय पत्र में कहा था कि 2014 के बाद से वेतन, रोजगार और निजी निवेश में कोई वृद्धि नहीं हुई है। 2014 के बाद से असमानताएं भी बढ़ी हैं।’ उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री ने उस समय हमारे न्याय पत्र की कड़ी आलोचना की थी। तब प्रधानमंत्री खुद को ‘नॉन-बायोलॉजिकल’ कहते थे। उन्होंने न्याय पत्र को ‘अर्बन नक्सल’ मानसिकता से भरा हुआ बताया था। अब वे ‘दिमागी नक्सल’ शब्द का इस्तेमाल कर रहे हैं।’

‘अर्थव्यवस्था की मौजूदा स्थिति से PM घबराए’

जयराम रमेश ने आगे आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर देश के धन सृजित करने वाले उद्यमियों का अपमान करने और उनका सम्मान न करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा, ‘कल प्रधानमंत्री ने फिक्की (FICCI) को संबोधित किया। फिक्की अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहा है। औद्योगिक जगत में इसका एक प्रमुख स्थान रहा है और इसने स्वतंत्रता संग्राम में भी भूमिका निभाई है।’ जयराम रमेश ने दावा किया कि प्रधानमंत्री ने अर्थव्यवस्था की मौजूदा स्थिति से घबराकर इस तरह की टिप्पणियां कीं।

PM निराश और चिंतित हैं-रमेश

उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री के बोलने के तरीके से स्पष्ट है कि वे परेशान हैं। वे निराश और चिंतित हैं। उन्होंने धन सृजित करने वालों पर जिस तरह हमला किया, उसका आरोप वे हम पर लगाते रहे हैं। उन्होंने वही बातें दोहराईं, जिनका जिक्र हमने न्याय पत्र में किया था। उन्होंने ‘अर्बन नक्सल मानसिकता’ का जिक्र करते हुए उन पर मौखिक हमला किया और आरोप लगाए।’ इससे पहले गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्योग जगत के दिग्गजों से सवाल किया था कि क्या उन्होंने अपने कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि की है और रोजगार बढ़ाने में योगदान दिया है?

आपकी इच्छाएं कभी पूरी होती नहीं दिखतीं-PM

फिक्की के शताब्दी समारोह में उद्योग जगत के नेताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘अगर मैं उद्योग जगत की बात करूं तो पिछले कुछ वर्षों में सरकार का जोर कारोबार को आसान बनाने (ईज ऑफ डूइंग बिजनेस) पर रहा है। 2014 में कॉरपोरेट टैक्स की मूल दर 30 प्रतिशत थी, जिसे हमने घटाकर 22 प्रतिशत कर दिया। आज भारत में 12 लाख रुपये तक की कमाई पर कोई आयकर नहीं लगता।’ पीएम ने आगे कहा, ‘मुझे पता है कि आप तालियां नहीं बजाएंगे, क्योंकि आपको चाहे कितना भी दे दिया जाए, आपकी इच्छाएं कभी पूरी होती नहीं दिखतीं। मैंने 12 लाख रुपये तक की आय को टैक्स से मुक्त कर दिया। क्या आपने अपने कर्मचारियों का वेतन बढ़ाया? क्या कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई? नहीं। आपका रवैया अब भी यही है कि मोदी जी आप कर दीजिए, हम देख लेंगे।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here