दोस्त या रिश्तेदार की आर्थिक मदद कर रहे हैं तो इस बात का ध्यान रखें कि आप अपनी आर्थिक सुरक्षा को ही दांव पर न लगा बैठें। थोड़ी सावधानी बरतेंगे तो आर्थिक नुकसान और रिश्तों में कड़वाहट से बच पाएंगे।
कई बार किसी दोस्त या रिश्तेदार को अचानक पैसों की जरूरत आ पड़ती है। ऐसे में वे आर्थिक मदद के लिए हमारे पास आते हैं। हम रिश्तों का लिहाज करते हुए बिना ज्यादा सोचे-समझे उन्हें पैसे तो उधार दे देते हैं। लेकिन कई बार बिना सोचे-समझे पैसे उधार देना हम पर ही भारी पड़ जाता है। जहां एक ओर दोस्त या रिश्तेदार से पैसा वापस लेने में हिचकिचाहट महसूस होती है, वहीं दूसरी ओर अपनी ही जरूरत में अपना पैसा अपने पास न होने से तनाव की स्थिति बनने लगती है। यहां तक कि कई मामलों में तो पैसा वापस भी नहीं मिलता। ऐसा आपके साथ न हो, इसके लिए पैसा उधार देने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रख सकते हैं-
अपनी आर्थिक स्थिति देखकर ही दें पैसा
किसी की मदद करने से पहले अपनी आर्थिक स्थिति पर भी ध्यान देना जरूरी है। भावनाओं में आकर उतना पैसा उधार न दें, जिसकी जरूरत आपको आने वाले दिनों में पड़ सकती है। घर का खर्च, EMI, बच्चों की फीस, मेडिकल जरूरतें और निवेश जैसी जिम्मेदारियों को ध्यान में रखें। हमेशा उतना ही पैसा दें, जिसके वापस न मिलने की स्थिति में भी आपकी आर्थिक स्थिति न बिगड़े।
उधार देने की वजह जरूर जानें
पैसे देने से पहले यह समझना जरूरी है कि सामने वाले को रकम की जरूरत किस काम के लिए है। क्या उसे मेडिकल इमरजेंसी, नौकरी छूटने या किसी जरूरी खर्च के लिए पैसा चाहिए या वह अपनी गैर-जरूरी जरूरतें पूरी करना चाहता है? जरूरत की गंभीरता समझने से आप सही फैसला ले सकेंगे। अगर कोई बार-बार उधार मांगता है, तो उसकी आदतों पर भी गौर करें।पैसा वापस लेने की डेट भी करें तय
भले ही आप अपने करीबी दोस्त या रिश्तेदार को पैसा दे रहे हों, लेकिन बातों ही बातों में आपको उनसे पैसे वापस मिलने की जानकारी भी कंफर्म कर लेनी चाहिए। एक तय तारीख रहती है तो आपको भी उस तारीख से पहले तक तनाव नहीं होगा और दूसरे व्यक्ति को भी अपनी जिम्मेदारी याद रहेगी कि उसे तय तारीख तक पैसा वापस करना होगा।
पैसा देने से पहले लिखित रिकॉर्ड रखें
दोस्त या रिश्तेदार होने का मतलब यह नहीं है कि पैसों का कोई रिकॉर्ड न रखा जाए। कितनी रकम दी जा रही है, कब दी जा रही है और कब तक वापस मिलेगी, इन सभी बातों को लिखित में जरूर रखें। इसके लिए लिखित एग्रीमेंट, ईमेल या मैसेज का इस्तेमाल कर सकते हैं।
पैसा वापस लेने का तरीका भी करें तय
पैसा उधार देते समय ही यह तय कर लें कि इस रकम को किस तरह से वापस लौटाया जाएगा। अगर सामने वाला एक साथ पूरी रकम नहीं लौटा सकता, तो किस्तों में भुगतान करने का विकल्प तय करें। बैंक ट्रांसफर या UPI जैसे माध्यमों से पैसा दें, ताकि लेनदेन का रिकॉर्ड मौजूद रहे। केवल मौखिक वादे पर निर्भर न रहें।






































