वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उनके चीनी समकक्ष शी जिनपिंग का यह आकलन ‘100 प्रतिशत सही’ है कि अमेरिका पतन की ओर था लेकिन उनकी यह टिप्पणी पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के कार्यकाल के संदर्भ में थी। ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘जब राष्ट्रपति शी ने बड़ी शालीनता से अमेरिका को संभवत: पतन की ओर अग्रसर राष्ट्र बताया तो उनका इशारा सुस्त जो बाइडन और बाइडन प्रशासन के चार वर्षों के दौरान हमें हुए भारी नुकसान की ओर था और इस मामले में वे 100 प्रतिशत सही थे।’ डोनाल्ड ट्रंप चीन की यात्रा पर गए थे और दोनों देशों के बीच कई डील पर हस्ताक्षर हुए हैं।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका को ‘खुली सीमाओं, उच्च करों, ट्रांसजेंडर नीति, महिलाओं के खेलों में पुरुषों की भागीदारी, विविधता-समानता-समावेश (डीईआई), खराब व्यापार समझौतों, बेलगाम अपराध और ऐसी ही कई अन्य चीजों से भारी नुकसान उठाना पड़ा है।’ अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि उनके प्रशासन के पहले 16 महीनों में अमेरिका ने ‘अविश्वसनीय प्रगति’ देखी है और उन्होंने रिकॉर्ड शेयर बाजारों, सैन्य सफलताओं, फिर से मजबूत होती अर्थव्यवस्था और तेजी से बढ़ते रोजगार बाजार का जिक्र किया।










































