सोमवार से बूढ़ी अस्पताल में भर्ती था दशरत यादव,
बुधवार को अचानक अस्पताल से चला गया था गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय के पीछे संदिग्ध हालत में मिला शव,
पीएम रिपोर्ट से होगा मौत के कारणों का खुलासा
फोटो
पदमेश न्यूज़। बालाघाट। गुरुवार की दोपहर कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब कलेक्टर कार्यालय के पीछे एसपी कार्यालय रोड स्थित मैदान में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा दिखाई दिया। प्रशासनिक कार्यालयों के नजदीक मैदान में शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।उधर सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच के बाद मृतक की पहचान दशरत पिता लखन यादव, उम्र 45 वर्ष, निवासी नरसिंग टोला बैहर के रूप में की गई है। परिजनों द्वारा की गई शव की शिनाख्ती के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। जहां पोस्टमार्टम के बाद ही मृत्यु के कारणों का खुलासा होने की बात कही जा रही है
सोमवार से अस्पताल में भर्ती था दशरथ
प्राप्त जानकारी के अनुसार दशरत यादव बीते सोमवार से जिला मुख्यालय स्थित बूढ़ी अस्पताल में भर्ती था। बताया जा रहा है कि बुधवार को वह अस्पताल से कहीं चला गया था। इसके बाद गुरुवार को उसका शव कलेक्टर कार्यालय के पीछे एसपी कार्यालय रोड स्थित मैदान में संदिग्ध अवस्था में मिला। अस्पताल में भर्ती रहने के बाद अचानक वहां से चले जाना और अगले दिन उसका शव मैदान में मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है। हालांकि, फिलहाल उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह अस्पताल से निकलने के बाद कहां-कहां गया, इस संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
उधर प्रशासनिक कार्यालय समीप मैदान में शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और मृतक की शिनाख्त कराई। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस की प्राथमिकता अब मृतक की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के साथ ही बुधवार को अस्पताल से निकलने के बाद उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाना है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह अस्पताल से किस परिस्थिति में बाहर गया था और इसके बाद किन परिस्थितियों में एसपी कार्यालय मार्ग स्थित मैदान तक पहुंचा।
पीएम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों का चलेगा पता
फिलहाल मौत को लेकर पुलिस किसी नतीजे पर नही पहुची है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी। साथ ही घटनास्थल की परिस्थितियों और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। जिला मुख्यालय के प्रमुख प्रशासनिक कार्यालयों के पीछे संदिग्ध हालत में शव मिलने की इस घटना से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हुई हैं।










































