४ माह बाद पर्यटकों के लिए खुला सोनेवानी वन्यजीव क्षेत्र, पर्यटक प्राकृतिक सौंदर्य और टेकाड़ी जलाशय का आनंद ले रहे सैलानी
पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। दक्षिण सामान्य वन मंडल बालाघाट के अंतर्गत आने वाले लालबर्रा वन परिक्षेत्र के सोनेवानी वन्यजीव अनुभव भ्रमण क्षेत्र को चार माह के अंतराल के बाद पुन: पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। पर्यटन सत्र की शुरूआत होते ही जिले सहित पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में सैलानी परिवार सहित यहां पहुंच रहे हैं। पर्यटक जिप्सी सफारी के माध्यम से जंगल की प्राकृतिक सुंदरता और टेकाड़ी जलाशय के मनोरम दृश्य का आनंद लेने के साथ-साथ वन्यप्राणियों का करीब से दीदार कर रहे हैं।
बाघ की मौजूदगी बनी मुख्य आकर्षण
आपकों बता दें कि शासन के निर्देशानुसार जुलाई माह से राष्ट्रीय उद्यान व अभ्यारणों की तर्ज पर दक्षिण सामान्य वन मंडल बालाघाट के अंतर्गत आने वाले लालबर्रा वन परिक्षेत्र के सोनेवानी वन्यजीव अनुभव भ्रमण क्षेत्र को बंद कर दिया गया था। जिसे चार माह बाद पुन: पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है और इस वन्यजीव अनुभव क्षेत्र के खुलते ही रोजाना जिले सहित अन्य पड़ोसी राज्यों के पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंच रहे है। सोनेवानी वन्यजीव अनुभव भ्रमण क्षेत्र में वन्यप्राणी बहुतायत संख्या में पाये जाते है। जिनमें विशेष रूप से राष्ट्रीय पशु बाघ, राष्ट्रीय पक्षी मोर, जंगली भैंस, तेंदुआ, भालू, हिरण, सांभर, चीतल सहित अन्य वन्यजीव एवं पक्षियों के दीदार पर्यटकों को होते है। जिसमें सबसे अधिक पर्यटकों को आकर्षित करने वाला वन्यप्राणी बाघ है जो पर्यटकों को दिखाई दे रहा है। जिसे देखने के लिए सुबह से ही पर्यटकों की भीड़ सोनेवानी पहुंच रही है और पर्यटक अपने पूरे परिवार के साथ इस क्षेत्र में आकर प्राकृ तिक सौंदर्य, टेकाड़ी जलाशय की सुंदरता का लुत्फ उठाकर खुशी से लौटते है। साथ ही गत दिवस सफारी के दौरान पर्यटकों को बाघ व अन्य वन्यप्राणी बेहद करीब से दिखाई दिये, जिन्हें सैलानियों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया है। इसी तरह रोजाना वन्यप्राणियों के दीदार पर्यटकों को हो रहे है।
पेंच और कान्हा जैसा रोमांच, वन विभाग की पुख्ता व्यवस्था
कान्हा नेशनल पार्क के साथ बालाघाट जिले में लौंगुर, गागुलपारा जलाशय के साथ ही सोनेवानी को अनुभव क्षेत्र बनाया गया है। यह वन परिक्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य का एक अच्छा स्पॉट है और सोनेवानी के जंगल में वन्यजीव की बहुतायत संख्या होने के कारण पर्यटक कान्हा नेशनल पार्क का अनुभव करते है। जिसके लिए दक्षिण सामान्य वनमंडल बालाघाट के लालबर्रा वन परिक्षेत्र के अमलेके द्वारा पर्यटकों के घुमने के लिए जिप्सी, रहने की सुविधा, गाईड का खासा इंतजाम किया गया है। जिससे की पर्यटक जंगल का भ्रमण करने के साथ ही वन्यप्राणियों का दीदार भी कर सके क्योंकि पेंच एवं कान्हा नेशनल पार्क की तरह ही सोनेवानी वन्यजीव अनुभव भ्रमण क्षेत्र भी वन्यप्राणियों का सबसे पसंदीदा वन परिक्षेत्र हैं।
कम खर्च में मिल रहा सफारी का आनंद
आमतौर पर बड़े राष्ट्रीय उद्यानों और अभ्यारण्यों में सफारी व वन्यजीव दर्शन के लिए पर्यटकों को मोटी रकम खर्च करनी पड़ती है। इसके विपरीत, सोनेवानी वन्यजीव अनुभव क्षेत्र में बेहद कम खर्च में सैलानियों को प्राकृतिक सौंदर्य और दुर्लभ वन्यप्राणियों के दर्शन सुलभ हो रहे हैं। यही कारण है कि यह स्थान कम समय में ही पर्यटकों की पहली पसंद बन गया है। उल्लेखनीय है कि इसकी बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए पूर्व में इसे अभ्यारण्य घोषित करने का प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया था, किंतु राजनीतिक कारणों से यह योजना मूर्त रूप नहीं ले सकी। वहीं वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शासन के निर्देशानुसार सोनेवानी वन्यप्राणी अनुभव क्षेत्र को पर्यटकों के लिए गत दिवस से प्रारंभ कर दिया गया है और पर्यटक तीन स्थानों पर बनाये गये प्रवेशगेट के माध्यम से वन परिक्षेत्र में प्रवेश कर भ्रमण कर रहे है और उन्हे सूर्यास्त से पहले वन्य क्षेत्र से बाहर निकालना जरूरी है। साथ ही जिप्सी चालक, गाइडों को नियमों का पालन करते हुए पर्यटकों को भ्रमण करवाने के निर्देश दिये गये है एवं पर्यटकों से भी अपील है कि वे नियमों का पालन करते हुए सोनेवानी वन्यप्राणी अनुभव क्षेत्र का भ्रमण करें एवं प्रतिबंधित क्षेत्र में न जाये।









































