शांतिपूर्वक संपन्न हुई मतगणना गांव में निकला विजय जुलूस
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत एकोड़ी में सरपंच पद के लिए हुए उपचुनाव की मतगणना शनिवार ३ अक्टूबर को नगर के तहसील कार्यालय स्थित सामुदायिक सभा कक्ष में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। मतगणना में सरिता कैलाश मेश्राम ने ७३९ मत प्राप्त कर अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी रेखा धर्मदास मेश्राम को १४७ मतों से पराजित करते हुए सरपंच पद पर जीत दर्ज की। मतगणना पूर्ण होने के बाद निर्वाचन अधिकारियों के द्वारा सरिता मेश्राम को विजय प्रमाण पत्र प्रदान कर विधिवत विजयी घोषित किया गया। मतगणना के दौरान तहसील कार्यालय परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मतगणना कक्ष के बाहर पुलिस बल तैनात रहा जबकि प्रत्याशियों के एजेंट एवं कुछ ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे। निर्धारित प्रक्रिया के तहत रिटर्निंग अधिकारी श्री काकोडिय़ा एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी अनिल मेश्राम की मौजूदगी में मतगणना प्रारंभ की गई।
चार प्रत्याशियों के बीच हुआ मुकाबला
एकोड़ी सरपंच पद के उपचुनाव में कुल चार महिला प्रत्याशी मैदान में थी। इनमें रेखा धर्मदास मेश्राम, संगीता राकेश मेश्राम, सरिता कैलाश मेश्राम एवं मीराबाई मंगलदास मेश्राम शामिल थीं। मतगणना के दौरान चारों मतदान केंद्रों की मतपेटियां क्रमवार खोली गईं और प्रत्याशियों को प्राप्त मतों की गिनती की गई। अंतिम परिणाम के अनुसार रेखा धर्मदास मेश्राम को ५९२ मत, संगीता राकेश मेश्राम को १८१ मत, सरिता कैलाश मेश्राम को ७३९ मत तथा मीराबाई मंगलदास मेश्राम को २०४ मत प्राप्त हुए। वहीं ९ मत नोटा में पड़े। इस प्रकार सरिता मेश्राम ने सर्वांधिक ७३९ मत प्राप्त करते हुए जीत हासिल की। उनका सीधा मुकाबला रेखा धर्मदास मेश्राम से माना गया जिन्हें उन्होंने १४७ मतों के अंतर से हराया।
२४०५ मतदाताओं में १७२५ ने किया मतदान
ग्राम पंचायत एकोड़ी में सरपंच पद के लिए २९ सितंबर को मतदान कराया गया था। निर्वाचन के लिए कुल चार मतदान केंद्र बनाए गए थे। ग्राम पंचायत क्षेत्र में कुल२४०५ मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें ११७६ पुरुष एवं १२२९ महिला मतदाता शामिल थे। मतदान के दिन कुल १७२५ मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें ८४६ पुरुष एवं ८७९ महिलाएं शामिल रहीं। इस प्रकार कुल ७१.७३ प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
पूर्व सरपंच को पद से किया गया था पृथक
ग्राम पंचायत एकोड़ी की तत्कालीन सरपंच श्रीमती मोनिका राहुल मेश्राम के विरुद्ध ग्रामीणों के द्वारा ग्राम सभा के प्रस्ताव में कथित छेड़छाड़ एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार किए जाने संबंधी शिकायत की गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि ग्राम सभा में नल जल योजना के लिए सुरक्षित रखने का प्रस्तावित भूमि संबंधी निर्णय में कथित रूप से परिवर्तन कर उस भूमि का पट्टा जारी करवाकर लाभ पहुंचाया गया। मामले में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी के समक्ष शिकायत के बाद जांच प्रक्रिया संचालित की गई। इसके पश्चात तत्कालीन सरपंच मोनिका मेश्राम के विरुद्ध मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम की धारा ४० के तहत कार्यवाही करते हुए उन्हें सरपंच पद से पृथक कर छह वर्ष के लिए चुनाव लडऩे से प्रतिबंधित किया गया था। इसके बाद पंचायत संचालन के लिए स्थानापन्न व्यवस्था के तहत सरिता कैलाश मेश्राम को प्रभारी सरपंच की जिम्मेदारी दी गई थी। इसी क्रम में सरपंच पद रिक्त होने के बाद मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के द्वारा निर्धारित वार्षिक निर्वाचन कार्यक्रम के तहत एकोड़ी में उपचुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। नामांकन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद चार प्रत्याशियों के बीच मुकाबला हुआ और २९ सितंबर को मतदान संपन्न कराया गया।
जीत के बाद गांव में निकला विजय जुलूस
मतगणना में जीत की घोषणा के बाद सरिता कैलाश मेश्राम के समर्थकों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया। प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद विजयी प्रत्याशी एवं उनके समर्थक गांव के लिए रवाना हुए। इसके बाद एकोड़ी में बाजे डीजे और आतिशबाजी के साथ विजय जुलूस निकाला गया। जुलूस गांव के विभिन्न चौक चौराहों और गलियों से होकर गुजरा। इस दौरान समर्थकों ने जमकर गुलाल उड़ाया और नृत्य करते हुए जीत का जश्न मनाया। विजयी प्रत्याशी सरिता कैलाश मेश्राम एवं उनके साथ मौजूद लोगों ने ग्राम के मतदाताओं और ग्रामीणों का अभिवादन कर उन्हें जीत के लिए धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। चुनाव परिणाम के बाद जहां विजयी पक्ष में उत्साह और खुशी का माहौल रहा वहीं दूसरे पक्ष में निराशा देखने को मिली। सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरे निर्वाचन की अंतिम प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
ग्राम विकास के लिए समर्पित होकर कार्य करना हमारा उद्देश्य-सरिता मेश्राम
नवनिर्वाचित सरपंच सरिता मेश्राम ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में हमने ग्राम की आवश्यकताओं को समझा है और कार्य भी किया है। आगे हमारा पूरा ध्यान ग्राम विकास पर होगा जिसमें छोटी छोटी रोड नाली का जीर्णोद्धार करना। पानी टंकी से पानी वितरण एवं जहां पानी टंकी बननी हैं वहां जो अतिक्रमण है उसे हटाना ग्राम में प्रकाश व्यवस्था सफ ाई व्यवस्था को बढ़ावा देकर ग्राम की जनता के लिए समर्पित होकर कार्य करना हमारा उद्देश्य है।










































