1500 रुपये चोरी के आरोप में चचेरे भाई ने रॉड से किया हमला

0

जबड़े और सिर में लगी चोट घायल युवक जिला अस्पताल में भर्ती
बालाघाट। महाराष्ट्र के नागपुर में मजदूरी करने गए एक युवक पर उसके ही चचेरे भाई ने 1500 रुपये चोरी करने का आरोप लगाते हुए लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में युवक के जबड़े और सिर में चोट आई है। घायल युवक अनिल पिता लक्ष्मण बनोटे 21 वर्ष ग्राम ओरमा टेकाड़ी थाना ग्रामीण नवेगांव निवासी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अनिल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है और खेती-किसानी के साथ समय-समय पर मजदूरी करने नागपुर जाता है। करीब एक सप्ताह पहले वह अपने चचेरे भाई दिलीप तथा गांव के अन्य लोगों के साथ मजदूरी करने नागपुर गया था। वहां खिसड़ा फाटा क्षेत्र में निर्माणाधीन भवन में मजदूरी कर रहा था और अपने चचेरे भाई दिलीप के साथ ही रह रहा था।बताया गया है कि दो दिन पहले अनिल और दिलीप के बीच 1500 रुपये चोरी होने की बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि शाम के समय दिलीप शराब के नशे में था और उसने अनिल के साथ विवाद करते हुए लोहे की रॉड से उस पर कई वार कर दिए। रॉड का एक वार अनिल के जबड़े तथा दूसरा सिर में लगा।जिससे वह घायल हो गया।घटना के बाद नागपुर में ही अनिल का निजी चिकित्सक से उपचार कराया गया। इसके बाद 2 अक्टूबर को वह बालाघाट पहुंचा और आगे के उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती हुआ। जिला अस्पताल पुलिस ने घायल अनिल का बयान दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here