ओमान के तट के पास भारतीय ध्वज वाले एक व्यापारिक जहाज पर अज्ञात हमलावरों द्वारा हमला किए जाने की गंभीर घटना सामने आई है। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हमले के बावजूद जहाज पर मौजूद सभी भारतीय क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। भारत सरकार ने इस बचाव अभियान में सहयोग के लिए ओमान के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है।
भारत ने दी कड़ी प्रतिक्रिया
विदेश मंत्रालय ने इस हमले को ‘अस्वीकार्य’ बताते हुए इसकी कड़े शब्दों में निंदा की है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि निर्दोष नाविकों और व्यापारिक जहाजों को लगातार निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन है। भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय के समक्ष अपनी बात दोहराई है कि समुद्री व्यापार की स्वतंत्रता और क्रू सदस्यों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता या रुकावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी।










































