कुत्तों के झुंड के हमले से चीतल की मौत, मार्मिक वीडियो वायरल

0



जिले के लांजी वन परिक्षेत्र से एक बेहद मार्मिक घटना सामने आई है, जिसने वन्यजीव प्रेमियों को झकझोर कर रख दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में आवारा कुत्तों का झुंड एक मासूम चीतल पर हमला करता दिखाई दे रहा है। अपनी जान बचाने के लिए चीतल कभी इधर तो कभी उधर भागती रही, जबकि कुत्ते लगातार उसका पीछा कर उसे नोचने का प्रयास करते रहे। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों का दिल दहल उठा। उन्होंने कुत्तों को भगाकर चीतल को बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन आखिरकार भय और सदमे ने उसकी जान ले ली।
वन विभाग के अनुसार यह घटना 9 जुलाई की दोपहर करीब 2 बजे लांजी सर्किल के पीपलगांव कक्ष क्रमांक-261 में हुई। जंगल से निकलकर आए चीतल का आवारा कुत्तों के झुंड ने पीछा किया और उसे गांव के किनारे तक घेर लिया। वहां से गुजर रहे लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए कुत्तों को भगाया और चीतल को उनके चंगुल से छुड़ाया। हालांकि उसके शरीर पर गंभीर घाव नहीं थे। लेकिन लगातार हुए हमले और भय के कारण वह पूरी तरह सहम गई थी।
लांजी वन परिक्षेत्र अधिकारी सपन ताम्रकर ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। चीतल को तत्काल चिकित्सकीय परीक्षण के लिए ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में बताया कि अत्यधिक तनाव और भय के कारण चीतल को हार्ट अटैक आया, जिससे उसकी मौत हुई। पोस्टमार्टम के बाद वन विभाग ने नियमानुसार चीतल के शव का अंतिम संस्कार कराया।
इस दर्दनाक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो देखने वाले लोग भावुक हो रहे हैं और आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक पर चिंता जता रहे हैं। यह घटना न केवल वन्यजीवों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है।बल्कि जंगलों से लगे क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या से वन्य प्राणियों पर मंडरा रहे खतरे को भी उजागर करती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here