क्या गुजरात के बाद हिमाचल का CM भी बदलेगी BJP, जयराम ठाकुर को दिल्ली बुलाया

0

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को बीजेपी आलाकमान ने मंगलवार को दिल्ली बुलाया है। इसके साथ ही हिमाचल का मुख्यमंत्री बदले जाने की अटकलें भी तेज हो गई हैं। भाजपा ने हाल ही में गुजरात में विजय रूपाणी को हटाकर भूपेन्द्र पटेल को नया मुख्यमंत्री बनाया है। इसके बाद जयराम ठाकुर को दिल्ली बुलाए जाने से हिमाचल की सियासत गर्मा गई है। इधर कांग्रेस ने इसी बहाने भाजपा का घेराव शुरू कर दिया है। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा हिमाचल के सीएम जयराम ठाकुर से भी मुख्यमंत्री का पद छीनने वाली है।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ उनके प्रधान निजी सचिव डॉ. आरएन बत्ता भी दिल्ली पहुंचेंगे। यहां बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज दोपहर को जयराम ठाकुर से मुलाकात करेंगे। हिमाचल में उपचुनाव होने वाले हैं और अगले साल अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव भी होंगे। इस लिहाज से भी यह मुलाकात अहम मानी जा रही है। उपचुनाव और आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बीजेपी राज्यों में अपने नेतृत्व को मजबूत कर रही है। इस वजह से भी हिमाचल की राजानीति गर्मा गई है।

पांच दिन पहले ही दिल्ली आए थे जयराम ठाकुर

जयराम ठाकुर को 5 दिन के अंदर दूसरी बार दिल्ली बुलाया गया है। इससे पहले बुधवार को ठाकुर ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी। ठाकुर ने गुरुवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को भी हिमाचल आने का न्योतै दिया था। इसके बाद उन्होंने केन्द्रीय मंत्रियों के साथ मुलाकात की थी और फिर उज्जैन चले गए थे। हिमाचल CM रविवार को ही नई दिल्ली से शिमला पहुंचे थे और मंगलवार को फिर उन्हें दिल्ली बुलाया गया है। पार्टी आलाकमान लंबे समय से राज्य के मंत्रियों की परफार्मेंस पर नजर बनाए हुए है और चुनाव से पहले मंत्रिमंडल में भी फेरबदल हो सकता है।

कांग्रेस बोली- कुर्सी बचाएं ठाकुर

जयराम ठाकुर को दिल्ली बुलाए जाने के बाद कांग्रेस ने मजे लेने शुरू कर दिए हैं। कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा को पांच नहीं छह मुख्यमंत्री बदलने हैं। इसलिए जयराम ठाकुर अपनी कुर्सी बचा लें। उन्होंने कहा लोग भाजपा से गुस्सा हैं। जिस तरह कृषि कानूनों के चलते हरियाणा में बीजेपी रैली नहीं कर सकती, उसी तरह बागवानों के खिलाफ मंत्री के बयान के चलते अब बीजेपी शिमला में भी रैली नहीं कर सकती है।

भाजपा ने 6 महीने में 5 CM बदले

भारतीय जनता पार्टी पिछले 6 महीने में 5 मुख्यमंत्री बदल चुकी है। सबसे पहले असम में चुनाव जीतने के बाद भाजपा ने सर्बानंद सोनोवाल की जगह हेमंत बिस्वा सरमा मुख्यमंत्री बनाया। इसके बाद उत्तराखंड में पहले त्रिवेंद्र सिंह रावत को हटाकर तीरथ सिंह रावत को सत्ता दी गई और फिर तीन महीने के बाद उनकी जगह पुष्कर धामी को मुख्यमंत्री बनाया गया। वहीं कर्नाटक में बीएस येदियुरप्पा की जगह बीएस बोम्मई को मुख्यमंत्री बनाया गया और सबसे ताजा मामले में विजय रूपाणी की जगह भूपेन्द्र पटेल को गुजरात का मुख्यमंत्री बनाया गया है। माना जा रहा है कि भाजपा अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री भी बदल सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here