खुरपुड़ी पंचायत में सरपंच पद के लिए उपचुनाव का बजा बिगुल

0

निर्वाचन आयोग ने जारी किया कार्यक्रम, ८ सितंबर से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया, २९ सितंबर को डाला जायेगा वोट

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश की ग्राम पंचायतों में रिक्त पड़े सरपंच और पंच के पदों पर उपचुनाव करवाने की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत बालाघाट जिले के जनपद पंचायत लालबर्रा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत खुरपुड़ी में खाली पड़े सरपंच पद पर भी नये मुखिया के चयन के लिए मतदान होगा। इसके साथ ही जिन पंचायतों में पंच के पद खाली है उक्त पंचायतों में पंच पद के लिए उपचुनाव संपन्न होना है। जिसके लिए ८ सितंबर से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जायेगी और २९ सितंबर को मतदान किया जायेगा। आपकों बता दें कि ग्राम पंचायत खुरपुड़ी के निर्वाचित सरपंच धनीराम कावरे का विगत माह पूर्व हृदयघात (हार्ट अटैक) से असमय निधन हो गया था। उनके निधन के बाद पंचायत के सुचारू संचालन एवं विकास कार्योंको गति देने के लिए नियमानुसार स्थानापन्न सरपंच का चुनाव कर पंचायत की व्यवस्थाएं चलाई जा रही थीं। अब निर्वाचन आयोग द्वारा अधिसूचना जारी किये जाने के बाद खुरपुड़ी में पूर्णकालिक सरपंच के चुनाव का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इसके साथ ही क्षेत्र की अन्य ग्राम पंचायतों में रिक्त पड़े पंच के पदों पर भी चुनाव करवाये जायेेगें।

गांव में चुनावी सरगर्मी तेज

आपकों बता दे कि राज्य निर्वाचन आयोग (भोपाल) द्वारा जारी आदेश के अनुसार ८ सितंबर को निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन, स्थानों के आरक्षण की सूचना एवं नामांकन पत्र प्राप्त करना। वहीं १५ सितंबर को नाम निर्देशन-पत्र (नामांकन) प्राप्त करने की अंतिम तारीख प्रात: १०.३० बजे से दोपहर ३ बजे तक , १६ सितंबर को नाम निर्देशन-पत्रों की संवीक्षा (जांच), १८ सितंबर को अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की अंतिम तारीख दोपहर ३ बजे तक व प्रत्याशियों की अंतिम सूची तैयार करना एवं निर्वाचन प्रतीकों (चुनाव चिन्ह) का आवंटन के पश्चात २९ सितंबर को प्रात: ७ बजे से दोपहर ३ बजे तक मतदान होने के बाद ३ अक्टूबर को मतगणना एवं परिणामों की घोषणा की जायेगी। वहीं अधिसूचना जारी होते ही खुरपुड़ी सहित आस-पास के ग्रामीण अंचलों में राजनीतिक हलचल और चुनावी सरगर्मियां काफी तेज हो गई हैं। सरपंच पद के दावेदारों ने अपनी-अपनी रणनीति बनाना और ग्रामीणों से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। ८ सितंबर को नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही दावेदार अपने नामांकन फार्म दाखिल करेंगे। निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान करवाने हेतु प्रशासनिक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

दूरभाष पर चर्चा में खंड पंचायत अधिकारी चंदन मर्सकोले ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जिन पंचायतों में सरपंच, पंच, जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्यों के पद रिक्त है उन पदों के लिए उपचुनाव होना है। लालबर्रा विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत खुरपुड़ी में सरपंच पद एवं अन्य पंचायतों में पंचों के रिक्त पद है उन पंचायतों में उपचुनाव हेतु २९ सितंबर को मतदान किया जायेगा। श्री मर्सकोले ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया ८ सितंबर से शुरू हो जायेगी, जिसके बाद २९ सितंबर को मतदान किया जायेगा एवं ३ अक्टूबर को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किया जायेगा। जिसकी तैयारी प्रशासन के द्वारा पुरी कर ली गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here