अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर ने कीव में राष्ट्रपति जेलेंस्की से बातचीत की। इससे पहले दोनों ने मॉस्को में पुतिन से मुलाकात की थीरूस और यूक्रेन के बीच साढ़े चार साल से अधिक समय से जारी युद्ध को समाप्त कराने के लिए अमेरिका ने नए सिरे से कूटनीतिक प्रयास शुरू किए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर ने रविवार (स्थानीय समय) को यूक्रेन की राजधानी कीव में राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से बातचीत की। यूक्रेन का यह उनका पहला आधिकारिक दौरा था। इससे पहले दोनों अमेरिकी दूत शनिवार (स्थानीय समय) को मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी मुलाकात कर चुके हैं।
बैठक के बाद कुशनर ने बातचीत को “उत्साहजनक” बताया, लेकिन युद्ध विराम या शांति समझौते को लेकर कोई बड़ी सफलता सामने नहीं आई। उन्होंने कहा कि समस्या बेहद मुश्किल है, लेकिन अमेरिका पर्दे के पीछे रहकर ऐसा माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है, जिससे समझौते की संभावना बन सके।
जेलेंस्की से सुरक्षा और एयर डिफेंस पर हुई चर्चा
अमेरिकी दूतों के साथ जेलेंस्की ने तीन दौर की बातचीत की, जिसमें आखिरी दौर में ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार भी शामिल हुए। जेलेंस्की ने बताया कि बातचीत में यूक्रेन की एयर डिफेंस जरूरतों पर चर्चा हुई। इसके अलावा सर्दियों से पहले ऊर्जा ढांचे और एयर डिफेंस को मजबूत करने के लिए एक ‘विंटर पैकेज’ पर भी बात हुई। जेलेंस्की ने बताया कि अमेरिका अगले साल पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों का उत्पादन बढ़ाने की योजना बना रहा है। जर्मनी भी अपने उत्पादन को बढ़ाएगा। जेलेंस्की ने कहा कि जमीन और सीमाओं से जुड़े जटिल मुद्दे केवल शीर्ष नेताओं के स्तर पर ही सुलझाए जा सकते मॉस्को में 3 घंटे चली थी पुतिन से बातचीत
कीव पहुंचने से पहले अमेरिकी दूतों ने शनिवार को मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से करीब तीन घंटे तक बात की थी। पुतिन के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव ने बातचीत को “रचनात्मक और उपयोगी” बताया। उन्होंने कहा कि बैठक में केवल युद्ध ही नहीं, बल्कि रूस और अमेरिका के बीच आर्थिक मुद्दों और बड़े संयुक्त परियोजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
बातचीत के दौरान भी दोनों तरफ से दागी गईं मिसाइलें
बातचीत के दौरान दोनों देशों ने एक-दूसरे की राजधानियों पर हमले न करने पर सहमति जताई थी, जिसके चलते कीव में सायरन की आवाजें कुछ समय के लिए थमी रहीं। हालांकि, अन्य मोर्चों पर हमले जारी रहे। यूक्रेनी आपातकालीन सेवा के अनुसार, शनिवार रात रूसी हमलों में यूक्रेन के अलग-अलग इलाकों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। यूक्रेन ने दावा किया कि रात भर में रूस द्वारा दागे गए 108 ड्रोनों में से 82 को मार गिराया गया, साथ ही छह मिसाइलों को भी रोका गया। वहीं, रूस के बेलगोरोड सीमा क्षेत्र में यूक्रेनी ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई। रूसी रक्षा मंत्रालय का दावा है कि उसने 14 क्षेत्रों और काला सागर के ऊपर यूक्रेन के 258 ड्रोन मार गिराए। वेटिकन में पोप लियो 14वें ने भी रविवार की प्रार्थना में शांति की अपील करते हुए उम्मीद जताई कि इन हालिया कूटनीतिक प्रयासों से बातचीत का ठोस रास्ता निकलेगा।









































