टोंककला पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में देवास पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले का मुख्य आरोपी मुकेश विज आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। चीन से दिल्ली लौटते ही उसे एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया। उसके साथ फरार चल रहे महेश चौहान को भी दिल्ली से पकड़ा गया है।
बताया गया है कि मुकेश विज पुलिस से बचने के लिए चीन के ग्वांग्झू भाग गया था। लेकिन देवास पुलिस ने पहले ही उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी करवा दिया था। जैसे ही वह नई दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा, पहले से अलर्ट टीम ने उसे दबोच लिया। एसपी पुनीत गेहलोद ने बताया कि एएसपी जयवीर सिंह भदोरिया के नेतृत्व में गठित एसआईटी लगातार दिल्ली समेत कई राज्यों में दबिश दे रही थी।








































