दुनिया भर में 24 घंटों में कोरोना से 14 हजार मौतें, 8 लाख नए मामले, जानिये किस देश के क्‍या हाल

0

दुनियाभर में बीते 24 घंटे के दौरान करीब 14 हजार से अधिक पीड़ितों की जान गई। विश्व में कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा जूझ रहे अमेरिका में अब तक पांच लाख 82 हजार से ज्यादा पीड़ितों की मौत हुई है। जबकि तीन करोड़ 25 लाख से अधिक संक्रमित पाए गए हैं। कोरोना महामारी की दूसरी लहर की चपेट में आए कई देशों में इस घातक वायरस का कहर गहराता जा रहा है। इसका नतीजा वैश्विक स्तर पर संक्रमित लोगों की संख्या में बढ़ोतरी के तौर पर सामने आ रहा है। बीते 24 घंटे में विश्व में आठ लाख से ज्यादा नए मामले पाए गए। 14 हजार से अधिक पीड़ितों की मौत हो गई। जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के डाटा के अनुसार, बुधवार सुबह कोरोना पीड़ितों का वैश्विक आंकड़ा बढ़कर 14 करोड़ 26 लाख से ज्यादा हो गया। अमेरिका के बाद भारत और ब्राजील सबसे अधिक प्रभावित हैं। ब्राजील में बीते 24 घंटे के दौरान 69 हजार 381 नए संक्रमित पाए जाने से पीड़ितों का आंकड़ा एक करोड़ 40 लाख के पार पहुंच गया।

जापान : देश में फिर नए मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। इसकी रोकथाम के लिए टोक्यो और ओसाका में इमरजेंसी लगाने पर विचार किया जा रहा है।

पाकिस्तान : योजना मंत्री असद उमर ने चेताया कि कोरोना रोकथाम नियमों को गंभीरता से नहीं लिया गया तो बड़े शहरों को बंद किया जा सकता है।

चीन : सेंटर ऑफ डिजीज कंट्रोल के अधिकारी कुई गैंग ने बताया कि करीब 20 करोड़ लोगों यानी 14.29 फीसद आबादी को टीका लगाया जा चुका है।

श्रीलंका : देश में एस्ट्राजेनेका टीका लगवाने वाले छह लोगों में रक्त का थक्का बनने की समस्या पाई गई। इनमें से तीन पीड़ितों की मौत हो गई।

फिलीपींस : बीते 24 घंटे में 9,227 नए केस मिलने से कोरोना रोगियों की संख्या नौ लाख 62 हजार से ज्यादा हो गई। कुल 16 हजार 265 मौत हुई है।

जर्मनी : संसद में लॉकडाउन संबंधी कानून को पास कराने की तैयारी के बीच इसका विरोध बढ़ गया है। बर्लिन में सैकड़ों लोगों ने इसका विरोध किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here