नयनतारा का महाकाली अवतार, रोंगटे खड़े कर देगा आख‍िरी 10 सेकेंड, ‘रामायणम्’ से महा क्‍लैश

0

साउथ सिनेमा की ‘लेडी सुपरस्‍टार’ नयनतारा अब देवी ‘महा शक्‍त‍ि’ का दिव्‍य अवतार धर बड़े पर्दे पर धूम मचाने आ रही हैं। मेकर्स ने साल 2020 की हिट तमिल फ‍िल्म ‘मूकुथी अम्मन’ के सीक्वल ‘महा शक्ति’ का टीजर सोमवार को रिलीज कर दिया है। ‘राइज ऑफ महा शक्ति’ नाम के इस टीजर में हमें पौराण‍िक कथाओं और फैंटेसी का शानदार मेल देखने को मिलता है, जहां एक नन्‍हे राजकुमार को दुश्‍मनों से बचाने के लिए नयनतारा महाकाली देवी का अवतार लेती हैं। खास बात यह है कि डायरेक्‍टर सुंदर सी. की यह फिल्‍म दिवाली के मौके पर 6 नवंबर 2026 को हिंदी समेत दूसरी भारतीय भाषाओं में दुनियाभर में रिलीज होगी। यानी बॉक्‍स ऑफिस पर इसकी सीधी टक्‍कर रणबीर कपूर और साई पल्‍लवी की ‘रामायणम्’ से होगी।

‘महा शक्‍त‍ि’ का करीब ढाई मिनट का यह टीजर अपने शानदार विजुअल्‍स से मन मोह लेता है। जबकि डायरेक्‍टर सुंदर सी. ने एक ऐसी दुनिया की झलक दिखाई है, जहां भक्‍त‍ि है, आस्‍था की शक्‍त‍ि है और खूंखार दुश्‍मन हैं, जो युद्ध भूमि में मरने-मारने को उतारू हैं। टीजर में प्रोडक्शन के विजुअल स्केल पर काफी जोर दिया गया है। यह साल 2020 में रिलीज नयनतारा की ‘मूकुथी अम्मन’ का सीक्‍वल है।

गांव पहुंचे दुश्‍मन, खतरे में राजकुमार की जान

टीजर की शुरुआत पौराणिक काल के दृश्यों से होती है, जहां गांव में अफरा-तफरी मची है। खबर आती है कि दुश्‍मन नन्‍हे राजकुमार की हत्‍या करने के लिए आ रहे हैं। इसके बाद हम एक घुड़सवार दल को गांव की ओर कूच करते हुए देखते हैं। हमें एक ऐसी मां की कहानी दिखती है जो खतरनाक हमलावरों के समूह से अपने राजकुमार बेटे को बचाने के लिए ‘मूकुथी अम्मन’ (महाकाली) देवी की प्रतिमा के सामने गुहार लगा रही है। वह कहती है, ‘इस बच्‍चे को बचा ले मां, मैं तुझे चढ़ावा चढाऊंगी। अभी तुझे देने के लिए मेरे पास कुछ नहीं है, सिवाय मेरी जान के।’

मां ने दी प्राणों की आहूती, महाकाली ने लिया अवतार

इसके बाद टीजर में जो दिखाया गया है, वह रूह कंपाने वाला है। वह मां एक चाकू से अपना गला रेत देती है और अपनी जान को देवी मां को समर्पित करती है। इसके बाद हम युद्ध‍ि भूमि, राज सिंघासन और भारी अफरा तफरी का माहौल देखते हैं। टीजर के आख‍िर चंद सेकेंड्स रोंगटे खड़े करने वाले हैं, जब उस मां के त्‍याग और भक्ति के कारण आख‍िरकार नयनतारा का महाकाली के रूप में दिव्य अवतार सामने आता है। यह शक्तिशाली अवतार परिवार को खतरा पहुंचाने वाली ताकतों का सामना करता है, जिससे अच्छाई और बुराई के बीच एक बड़ी लड़ाई का संकेत मिलता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here