अमेजन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एंडी जेसी ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ई-कॉमर्स कंपनी की 2030 तक भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) व क्लाउड इंफ्रा के विस्तार के लिए अतिरिक्त 13 अरब अमेरिकी डॉलर निवेश करने की योजना की घोषणा की। जेसी ने भारत के प्रति कंपनी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता दोहराई। इस नए निवेश से 2026 से 2030 के बीच भारत में अमेजन का कुल पूंजी निवेश 48 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच जाएगा।
13 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश
कंपनी ने बयान में कहा, ” अमेजन के सीईओ एंडी जेसी ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। जेसी ने भारत के प्रति अमेजन की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता दोहराई और 2030 तक देश में एआई तथा क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के लिए अतिरिक्त 13 अरब अमेरिकी डॉलर निवेश की योजना की घोषणा की।’’डेटा सेंटर का विस्तार
अमेजन ने कहा, ’’ यह निवेश मुंबई और हैदराबाद में एडब्ल्यूएस (अमेजन वेब सर्विसेज) डेटा सेंटर क्षमता का विस्तार करेगा जिससे स्टार्टअप, उद्यमों तथा सरकारी संगठनों को विशेष एआई चिप, प्रबंधित एआई सेवाओं, सुरक्षित एवं भरोसेमंद क्लाउड प्रौद्योगिकियों तथा ’डेवलपर टूल’ तक पहुंच मिलेगी। इससे वे तेजी से नवोन्मेष कर सकेंगे, शीघ्र विस्तार कर सकेंगे और वैश्विक स्तर पर ग्राहकों को सेवाएं दे सकेंगे।’’ इसके साथ ही 2010 से 2030 के बीच भारत में अमेजन का निवेश 88 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक हो जाएगा।
अमेजन नाउ अब 300 शहरों में
अमेजन ने अपनी अल्ट्रा-फास्ट डिलीवरी सेवा अमेजन नाउ का विस्तार करते हुए इसे देश के 300 से अधिक शहरों तक पहुंचाने की घोषणा की है। कंपनी का लक्ष्य भारत का सबसे बड़ा ‘डिलीवरी इन मिनट्स’ नेटवर्क तैयार करना है। लॉन्च के बाद से अमेजन नाउ के ऑर्डर हर तिमाही दोगुने हुए हैं, जिससे यह अमेजन इंडिया के इतिहास में सबसे तेजी से बढ़ने वाली ई-कॉमर्स इकाई बन गई है।













































