पीजी कॉलेज या शराब का अड्डा?

0

क्यारियों से पेयजल टंकी तक बिखरी मिलीं देशी-विदेशी शराब की खाली बोतलें, डिस्पोजल और पाउच
महाविद्यालय परिसर में शराबखोरी को लेकर विधायक प्रतिनिधि ने उठाए सवाल,
प्राचार्य के निलंबन की मांग; 48 घंटे बाद प्रदर्शन की चेतावनी
फोटो
पदमेश न्यूज | बालाघाट।जिले के अग्रणी पीजी कॉलेज परिसर में शराब की खाली बोतलें मिलने से महाविद्यालय की व्यवस्थाओं और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कॉलेज परिसर में सफाई के दौरान देशी और विदेशी शराब की खाली बोतलें, डिस्पोजल और पाउच मिलने का मामला सामने आया है। इन सामग्रियों का वीडियो सामने आने के बाद विधायक प्रतिनिधि ऋषभ सहारे ने कॉलेज प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि आखिर महाविद्यालय परिसर में इतनी बेखौफ तरीके से शराब कौन पी रहा है?।विधायक प्रतिनिधि ने इस मामले को महाविद्यालय की गरिमा और विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए प्राचार्य अशोक कुमार मराठे के निलंबन की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि कॉलेज परिसर में शराब की बोतलें मिल रही हैं तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।

क्यारियों और पेयजल टंकी के पास मिली बोतलें
विधायक प्रतिनिधि ऋषभ सहारे द्वारा जारी किए गए वीडियो में महाविद्यालय परिसर की क्यारियों और पेयजल टंकी के आसपास खाली शराब की बोतलें दिखाई दे रही हैं। इनमें देशी और विदेशी शराब की बोतलों के साथ डिस्पोजल और पाउच भी नजर आ रहे हैं। सवाल यह है कि कॉलेज परिसर में शराब की बोतलें पहुंचीं कैसे और यहां शराब का सेवन करने वालों पर अब तक नजर क्यों नहीं पड़ी?

‘कॉलेज की छवि हो रही खराब’
ऋषभ सहारे ने आरोप लगाया कि महाविद्यालय परिसर में इस तरह शराब की बोतलों का मिलना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि कॉलेज शिक्षा का केंद्र है।यदि इस परिसर में शराब की खाली बोतलें मिल रही हैं तो यह पूरे महाविद्यालय की छवि पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि प्राचार्य को निलंबित किया जाना चाहिए।

कॉलेज परिसर में शराब की बोतलें मिलने से सवाल
परिसर में शराब की बोतलें कैसे पहुंचीं ?
कॉलेज में शराब पीने वालों पर किसकी नजर?
पेयजल टंकी के पास तक कैसे पहुंची शराब?
सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल
जांच के बाद किस पर गिरेगी गाज?
परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे का क्या काम
सीसीटीवी कैमरे से क्यो नही की जा रही

48 घंटे बाद किया जाएगा प्रदर्शन – ऋषभ
विधायक प्रतिनिधि ऋषभ सहारे ने चेतावनी दी है कि यदि प्राचार्य के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई नहीं की गई तो 48 घंटे बाद महाविद्यालय के सामने प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर यह पता लगाया जाना जरूरी है कि शराब की बोतलें कॉलेज परिसर तक कैसे पहुंचीं और यहां शराब का सेवन कौन कर रहा था।

दोषी मिला तो होगी कार्रवाई- मरठे
सोशल मीडिया पर जारी वीडियो और विधायक प्रतिनिधि के बयान को लेकर दूरभाष पर की गई चर्चा के दौरान पीजी कॉलेज के प्राचार्य अशोक कुमार मराठे ने कहा कि यदि महाविद्यालय परिसर में शराब की खाली बोतलें मिली हैं तो पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here