शिक्षकों को खेल-खेल में पढ़ाने के बारे में किया जा रहा प्रशिक्षित
पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय स्थित जनपद शिक्षा केन्द्र में कक्षा पहली और दूसरी को पढ़ाने वाले प्राथमिक शिक्षकों का ४ दिवसीय एफएलएन (निपुण भारत – फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमरेसी) रिफ्रेशर प्रशिक्षण सोमवार से शुरू हो गया है। इस चार दिवसीय प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शासकीय प्राथमिक विद्यालयों में पढऩे वाले पहली और दूसरी कक्षा के बच्चों में बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान (भाषा व गणितीय कौशल) को और अधिक मजबूत करना है। वर्कशॉप के दौरान मुख्य रूप से तीन विषयों -हिंदी, गणित और अंग्रेजी के अध्यापन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। वहीं प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को शासन द्वारा उपलब्ध करवाये गये ‘जादुई पिटारा’ के सही और प्रभावी इस्तेमाल के बारे में मास्टर ट्रैनर्स द्वारा जानकारी दी जा रही है। इस पिटारे में लगभग २४ प्रकार के खेल और ५३ प्रकार की गतिविधियां शामिल हैं। शिक्षक इन खेल-खेल की गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को हिंदी, गणित और अंग्रेजी विषय में निपुण बनायेगें उसके बारे में प्राथमिक स्कूल के शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। वहीं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे शिक्षक स्कूलों में शासन की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन करते हुए बच्चों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देगें।










































