छत्तीसगढ़ की माटी और संस्कृति से जुड़े सुप्रसिद्ध ‘लोक स्वरांजलि’ की प्रस्तुति ने बिखेरी छत्तीसगढ़ी संस्कृति की अद्भुत छटा
पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय से लगभग ५ कि.मी. दुर ग्राम पंचायत बघोली में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी तीसरी मण्डई उत्सव के अवसर पर गुरूवार को छत्तीसगढ़ की माटी और संस्कृति से जुड़े सुप्रसिध्द लोक कला मंच ‘लोक स्वरांजलि’ सिहावा नगरी, धमतरी
का कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति की बानगी देखने को मिली। इस अवसर पर ‘लोक स्वरांजलि’ पारंपरिक छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य के गायक सहित अन्य कलाकारों के द्वारा कर्मा गीत, जस गीत, सुवा नृत्य, गौरा-गौरी उत्सव, राउत नाचा, पंथी गीत और देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों पर प्रस्तुत की गई जीवंत झांकियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ी लोक नाटक की मंचीय प्रस्तुतियों ने दर्शकों से खूब वाहवाही बटोरी। वहीं लोक कला मंच के प्रमुख गायक व संचालक राजेश पटेल के शानदार संचालन और हरीश मरकाम के निर्देशन में कलाकारों ने अपनी कला का बेहतरीन प्रदर्शन किया। मंच पर प्रमुख गायक कलाकारों के रूप में विजय साहू, यमुना वट्टी, रिया दुबे, लोकेश्वरी यादव और मनोहर नेताम ने अपनी सुमधुर आवाज और ऊर्जावान प्रस्तुतियों से पूरी रात श्रोताओं को बांधे रखा। कलाकारों की हर एक प्रस्तुति पर दर्शक दीर्घा से तालियों की गडग़ड़ाहट गूंजती रही। इस तरह से पारंपरिक लोक नृत्यों की एक से बढक़र एक मनमोहक प्रस्तुतियां दिये जो दर्शकगणों का मनमोह लिया। वहीं इन नृत्यों में कलाकारों का पारम्परिक परिधान, लोक संगीत की मधुर धुने और ओजपूर्ण नृत्य शैली ने समां बांध दिया। इस तरह से संस्था के संचालक, प्रमुख गायक राजेश पटेल के नेतृत्व में गायक कलाकारों और नर्तक दल ने छत्तीसगढ़ की समृध्द लोक विरासत को दर्शकों के सामने जीवंत कर दिया।










































