बांग्लादेश में बढ़ा तनाव! पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख मुहम्मद यूनुस के घर में लगी आग, सुरक्षा बढ़ाई गई

0

बांग्लादेश के चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस के पारिवारिक आवास में बुधवार रात आग लग गई। आग पर काबू पा लिया गया है। घटना की जांच जारी है और सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Bangladesh Fire News: बांग्लादेश में जारी राजनीतिक तनाव के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। देश की पूर्व अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस के चटगांव स्थित पारिवारिक आवास में बुधवार देर रात आग लग गई। पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। घटना के बाद मकान के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

10-15 साल से खाली पड़ा था कमरा

आग की यह घटना चटगांव के पांचलाइश इलाके में स्थित उनके घर में बुधवार देर रात करीब 11:30 बजे हुई। पांचलाइश थाने के अधिकारी मोजम्मेल हक के मुताबिक, आग मकान के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित कमरे में लगी थी। इस हिस्से में पिछले 10 से 15 साल से कोई नहीं रह रहा था और यह लंबे समय से खाली पड़ा है। हालांकि, प्रोफेसर यूनुस के दो भाइयों के परिवार इसी इमारत की दूसरी और तीसरी मंजिल पर रहते हैं।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद एहतियात के तौर पर आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस आग लगने की घटना में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए जांच कर रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों और इसके पीछे किसी की भूमिका को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

ग्रामीण बैंक की शाखाओं में भी लगाई गई थी आग

यह घटना ऐसे समय हुई है, जब बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव जारी है। कुछ दिन पहले चटगांव के अनवारा और सतकानिया उपजिलों में उपद्रवियों ने ग्रामीण बैंक की दो शाखाओं में भी आग लगा दी थी। ग्रामीण बैंक की स्थापना प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस ने की थी।

पांचलाइश के मकान में बीता था यूनुस का बचपन

प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस का पैतृक घर चटगांव के हथाजारी उपजिले के बाथुआ गांव में है। उनके पिता कारोबारी थे। इसी सिलसिले में यूनुस ने चटगांव शहर के पांचलाइश इलाके में यह मकान बनवाया था। यूनुस ने अपने बचपन और किशोरावस्था का समय इसी घर में बिताया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here