बेनक्रॉफ्ट के नए खुलासों को खारिज किए बिना कमिंस के लिए ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी करना होगा मुश्किल: हीली

0

Ball Tampering Scandal Update: 2018 बॉल टैम्परिंग कांड का भूत जब से उस्मान ख्वाजा के खुलासों के बाद दोबारा जागा है, तब से रोज नए खुलासे होते जा रहे हैं। अब उस प्रकरण में शामिल रहे क्रिकेटर कैमरून बेनक्रॉफ्ट ने भी नए खुलासे कर दिए हैं। इस पर पूर्व क्रिकेट इयान हीली ने पैट कमिंस को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है।

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज इयान हीली ने कहा है कि पैट कमिंस के लिए टेस्ट टीम की कप्तानी करना तब तक मुश्किल होगा जब तक वह 2018 के केपटाउन टेस्ट में गेंद से छेड़छाड़ की साजिश की पूरी टीम को जानकारी होने के कैमरन बेनक्राफ्ट के दावे को स्पष्ट रूप से खारिज नहीं करते।

’सैंडपेपरगेट’ (रेगमाल की मदद से गेंद से छेड़छाड़ का मामला) विवाद के प्रमुख किरदारों में से एक बेनक्राफ्ट ने मंगलवार को दावा किया था कि पूरी टीम को इस साजिश की जानकारी थी लेकिन अंत में इसकी पूरी जिम्मेदारी उन्हें ही उठानी पड़ी। इससे पहले कमिंस ने पूर्व साथी खिलाड़ी उस्मान ख्वाजा की किताब में किए गए इस दावे को पूरी तरह बकवास बताया था कि पूरी टीम को गेंद से छेड़छाड़ की साजिश की जानकारी थी।

इस विवाद पर अपनी राय रखते हुए हीली ने कहा, “मुझे लगता है कि जब तक कमिंस कैमरन बेनक्राफ्ट के बयान को दोबारा स्पष्ट रूप से खारिज नहीं करते तब तक उनके लिए टीम की कप्तानी करना मुश्किल होगा।” उन्होंने ’एसईएन’ से कहा, “इस प्रेस कांफ्रेंस के बाद उनकी विश्वसनीयता को बड़ा झटका लगा है क्योंकि अब यह साबित हो गया है कि मामला वैसा पूरी तरह नहीं था जैसा पैट ने बताया था।”

यह पूछे जाने पर कि क्या कमिंस को ऑस्ट्रेलियाई कप्तान का पद छोड़ देना चाहिए, हीली ने कहा, “नहीं, उन्हें पद छोड़ने की जरूरत नहीं है। मैं 2018 में जो हुआ उसे लेकर फिर से घबराहट का माहौल नहीं बनाना चाहता। उस समय भी घबराहट में जल्दबाजी में जांच की गई थी। किसी से बात नहीं की गई और जांच बेहद खराब थी। मैं यह नहीं कह सकता कि उन्हें अभी पद छोड़ देना चाहिए या नहीं। क्या वह पद छोड़ेंगे, यह अलग बात है। हो सकता है कि वह खुद पद छोड़ दें।”

हीली ने 1988 से 1999 के बीच ऑस्ट्रेलिया के लिए 119 टेस्ट और 168 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेले थे। उन्होंने कहा कि ताजा घटनाक्रम से कमिंस के अलावा जोश हेजलवुड, मिचेल स्टार्क और नाथन लियोन की व्यक्तिगत छवि पर भी असर पड़ेगा। इन सभी ने कहा था कि उन्हें गेंद से छेड़छाड़ की साजिश की जानकारी नहीं थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here