भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ श्रावण महोत्सव

0

पार्थिव शिवलिंग रुद्राभिषेक महाप्रसाद का हुआ आयोजन

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर के प्रसिद्ध सिद्ध श्री जागृत हनुमान मंदिर जोड़ापीपल वार्ड नंबर १४ में श्रावण मास के पावन अवसर पर आयोजित श्रावण महोत्सव पार्थिव शिवलिंग रुद्राभिषेक का चतुर्थ एवं अंतिम सोमवार २४ अगस्त को भव्य एवं भक्तिमय माहौल में समापन हुआ। यह गरिमामयी धार्मिक आयोजन श्री शिवाय नमस्तुभ्यम समिति वारासिवनी एवं सिद्ध श्री जागृत हनुमान मंदिर समिति वारासिवनी के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया गया था। श्रावण मास के प्रथम सोमवार ३ अगस्त से प्रारंभ हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में पूरे महीने भक्ति का माहौल बना रहा। श्रावण मास के चारों सोमवार ३ अगस्त, १० अगस्त, १७ अगस्त एवं २२४ अगस्त को प्रात: ६ बजे से ८ बजे तक पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। आचार्य पंडित धर्मेंद्र तिवारी के द्वारा पूरे विधि.विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन.अर्चन व रुद्राभिषेक संपन्न कराया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं धार्मिक बंधुओं ने स्वयं अपने हाथों से पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर उनका रुद्राभिषेक किया और धर्म लाभ अर्जित किया। प्रत्येक सोमवार को पूजन के उपरांत संध्या समय में पार्थिव शिवलिंगों का आदर सहित विसर्जन किया जाता रहा। श्रावण मास के अंतिम एवं चौथे सोमवार २४ अगस्त को रुद्राभिषेक के उपरांत विशेष हवन पूजन एवं भव्य महाआरती का आयोजन हुआ। इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं को महाप्रसादी का वितरण किया गया। महाआरती के दौरान हर हर महादेव और श्री शिवाय नमस्तुभ्यम के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा। इसके पश्चात पार्थिव शिवलिंगों के विसर्जन के साथ ही इस वर्ष के श्रावण महोत्सव का विधिवत समापन हुआ। समिति के सदस्यों ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री शिवाय नमस्तुभ्यम समिति द्वारा पिछले ८ वर्षों से निरंतर पार्थिव शिवलिंग रुद्राभिषेक का यह पवित्र कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। समिति के द्वारा हर वर्ष यह आयोजन नगर के विभिन्न मंदिरों में संपन्न कराया जाता है। इसी श्रृंखला में इस वर्ष यह आयोजन सिद्ध श्री जागृत हनुमान मंदिर जोड़ापीपल में आयोजित किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य जन सामान्य को सनातन धर्म, संस्कृति और भगवान शिव की महिमा से जोडऩा तथा भक्ति भाव का प्रसार करना है। पूरे श्रावण मास के दौरान नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिव भक्तों ने उपस्थिति दर्ज कराई। समापन अवसर पर बड़ी संख्या में लोगो ने सहभागिता कर महाप्रसादी ग्रहण किया और पुण्य लाभ अर्जित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here