काठमांडू: भारत ने घरेलू कीमतों को स्थिर करने के लिए 30 सितंबर तक कच्ची, सफेद और रिफाइंड चीनी के एक्सपोर्ट पर रोक लगाई है। भारत के इस फैसले ने नेपाल की फिक्र बढ़ा दी है। खासतौर से त्योहारों के मौसम में नेपाल में चीनी की कमी हो सकती है। दशैन, तिहार और छठ के आसपास दबाव बढ़ सकता है, जब चीनी की मांग ज्यादा होती है। एक्सपर्ट ने इस मुद्दे पर नेपाल की बालेन शाह सरकार को चेताया है और खाद्य सुरक्षा के लिए कदम उठाने की मांग की है।
काठमांडू पोस्ट के मुताबिक, भारत ने नेपाल को होने वाले निर्यात को रोका है। इससे नेपाली बाजारों में उथलपुथल की संभावना है। यह इसलिए भी है क्योंकि ऐसी आशंका है कि अल नीनो की स्थितियों के कारण आने वाले समय में सूखा पड़ सकता है। इससे कृषि उत्पादन को नुकसान होगा और अगले सीजन की पैदावार कम हो जाएगी।










































