जिले के वारासिवनी–बैहर–गोंदिया मार्ग पर यातायात पुलिस द्वारा हेलमेट अभियान के तहत सघन वाहन चेकिंग की जा रही है। सड़क सुरक्षा को लेकर चलाया जा रहा यह अभियान सराहनीय है। लेकिन भीषण गर्मी के बीच एक अहम समस्या सामने आ रही है।पीने के पानी की व्यवस्था का अभाव।
दोपहर 12 बजे तक चलने वाली इस चेकिंग के दौरान तेज धूप और बढ़ते तापमान से न केवल वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।बल्कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी भी गर्मी और प्यास से जूझ रहे हैं। लंबे समय तक सड़क पर खड़े रहकर जांच करने वाले जवानों के लिए यह स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण हो जाती है। जिन स्थानों पर नियमित रूप से वाहन चेकिंग की जाती है, वहां पीने के पानी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। इससे चेकिंग के दौरान रुकने वाले वाहन चालकों को राहत मिलेगी, वहीं पुलिसकर्मियों को भी ड्यूटी के दौरान आवश्यक सुविधा प्राप्त होगी।
नागरिकों का यह भी कहना है कि करीब दो साल पहले यातायात पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग के दौरान पानी की व्यवस्था की जाती थी। जिससे आम लोगों और पुलिस दोनों को सहूलियत मिलती थी। अब उस व्यवस्था के बंद हो जाने से गर्मी के मौसम में दिक्कतें बढ़ गई हैं।लोगों का मानना है कि यदि फिर से पीने के पानी की व्यवस्था की जाती है।तो यह न केवल जनहित में एक सराहनीय कदम होगा, बल्कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय और विश्वास को भी मजबूत करेगा










































