IPL 2026 के खिताबी महामुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के गेंदबाजों ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ बेहद सधा हुआ और शानदार प्रदर्शन किया। आरसीबी के लिए युवा तेज गेंदबाज रसिख सलाम डार ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके, जबकि अनुभवी भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने भी 2-2 विकेट चटकाए। लेकिन इन सबके बावजूद पूरे मैच का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट एक स्पिनर की वो जादुई गेंद रही, जिसकी तारीफ में खुद क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने कसीदे पढ़े हैं। वह खिलाड़ी कोई और नहीं, बल्कि आरसीबी के ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या हैं, जिन्होंने गुजरात के सबसे खतरनाक बल्लेबाज जोस बटलर को अपनी दिमागी सूझबूझ से आउट कर मैच का पासा ही पलट दिया।
सचिन तेंदुलकर ने की क्रुणाल की गेम अवेयरनेस की तारीफ
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात की टीम 155 रनों पर ही सिमट गई। शुभमन गिल और साई सुदर्शन के जल्दी आउट होने के बाद इस सीजन में 526 रन बनाने वाले जोस बटलर ही गुजरात की एकमात्र बड़ी उम्मीद बचे थे। लेकिन 13वें ओवर में जैसे ही क्रुणाल ने बटलर का शिकार किया, सचिन तेंदुलकर खुद को रोक नहीं पाए और सोशल मीडिया पर क्रुणाल की तारीफ में लिखा, ‘क्रुणाल पंड्या द्वारा क्या शानदार गेंद फेंकी गई! उन्होंने गेंद रिलीज करने के आखिरी पल तक बल्लेबाज के पैरों की मूवमेंट को देखा और फिर बटलर को वापस ड्रेसिंग रूम भेजने के लिए एक परफेक्ट गेंद डाली।’ दुनिया के महान बल्लेबाज की ओर से फाइनल जैसे बड़े मैच के दबाव में क्रुणाल की इस गेम अवेयरनेस को लेकर मिली यह तारीफ अपने आप में बहुत बड़ी बात है।क्रुणाल के जाल में ऐसे फंसे जोस बटलर
यह बड़ा उलटफेर गुजरात की पारी के 13वें ओवर की पहली गेंद पर देखने को मिला। क्रुणाल पंड्या ने बहुत ही चालाकी से नोटिस कर लिया था कि जोस बटलर क्रीज से बाहर निकलकर आक्रामक शॉट खेलने के लिए लगातार अपने कदमों का इस्तेमाल कर रहे हैं। क्रुणाल ने गेंद फेंकने के आखिरी सेकेंड तक अपनी नजरें बटलर के पैरों पर टिकाए रखीं। जैसे ही बटलर आगे बढ़े, क्रुणाल ने तुरंत अपनी रणनीति बदली और गेंद की रफ्तार बढ़ाकर उसे ऑफ स्टंप से काफी बाहर फेंक दिया। बटलर पूरी तरह छक गए और गेंद सीधे विकेटकीपर जितेश शर्मा के दस्तानों में चली गई। जितेश ने बिना कोई गलती किए पलक झपकते ही गिल्लियां बिखेर दीं और बटलर 23 गेंदों में महज 19 रन बनाकर स्टंप आउट हो गए।










































