महादेव बेटिंग ऐप मनी लॉन्ड्रिंग मामले में वकील हिमांशु शेखर की दोबारा गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई की; SG तुषार मेहता ने न्यायिक रिमांड का हवाला दिया।
नई दिल्ली, 27 नवंबर: महादेव बेटिंग ऐप मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर की दोबारा गिरफ्तारी को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई की। हिमांशु शेखर ने बॉम्बे हाईकोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें प्रवर्तन निदेशालय को उन्हें फिर से गिरफ्तार करने की अनुमति दी गई थी। सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि गिरफ्तारी के बाद हिमांशु शेखर को सक्षम अदालत के सामने पेश किया गया था और उसी अदालत ने न्यायिक आदेश के जरिए उन्हें रिमांड पर भेजा था।
ये भी पढ़ें– अपनी फिल्म बनाइए, कोर्ट का समय बर्बाद मत कीजिए- रामायण फिल्म के खिलाफ याचिका पर बोले CJI
हाईकोर्ट में गलत बयान देने का आरोप
हिमांशु शेखर की ओर से वरिष्ठ वकील सिद्धार्थ लूथरा ने कहा कि हाईकोर्ट में दुर्भाग्य से गलत बयान दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि हाईकोर्ट को बताया गया कि उन्हें ईमेल के जरिए नोटिस भेजा गया था, जबकि वह उस समय ED कार्यालय में मौजूद थे और उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया गया था। लूथरा ने कहा कि इसी कथित गलत जानकारी के आधार पर हाईकोर्ट ने उनकी अनुपस्थिति में एकतरफा आदेश पारित कर दिया।
सुनवाई के दौरान जस्टिस सुन्दरेश ने पूछा कि अनुच्छेद 32 के तहत दाखिल याचिका में क्या राहत मांगी जा रही है। इस पर लूथरा ने साफ किया कि वह विशेष अनुमति याचिका में पेश हो रहे हैं, जबकि रिट याचिका में वरिष्ठ वकील हेगड़े पेश हो रहे।
सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम राहत देने से इनकार किया
वरिष्ठ वकील हेगड़े ने अदालत को बताया कि हिमांशु शेखर एक लॉ फर्म चलाते हैं और उनकी मां भी वकील हैं। इस पर सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने टिप्पणी की कि वह वकालत के अलावा बाकी सब काम करते हैं। हेगडे ने कहा कि किसी ईमेल भेजे जाने के मात्र बयान के आधार पर हाईकोर्ट को उनकी अनुपस्थिति में एकतरफा आदेश पारित नहीं करना चाहिए था। सुप्रीम कोर्ट ने स्पेशल लीव पेटिशन में नोटिस जारी किया। हालांकि, रिट याचिका पर अदालत ने कहा कि याचिकाकर्ता को पहले हाईकोर्ट जाना होगा। अदालत ने फिलहाल किसी भी तरह की अंतरिम सुरक्षा देने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने कहा कि वह मानकर चल रहा है कि याचिकाकर्ता प्रक्रियागत उल्लंघन का मामला उठा रहे हैं और इस पहलू पर आगे विचार किया जाएगा।
क्या है वकील की गिरफ्तारी का मामला?
हिमांशु शेखर ने बॉम्बे हाईकोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसने ED को महादेव बेटिंग ऐप मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उनकी दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति दी थी। सुप्रीम कोर्ट के समक्ष याचिकाकर्ता का मुख्य तर्क है कि हाईकोर्ट ने कथित तौर पर गलत जानकारी के आधार पर उनकी अनुपस्थिति में आदेश पारित किया। वहीं, ED की ओर से कहा गया कि गिरफ्तारी के बाद उन्हें सक्षम अदालत के सामने पेश किया गया था और न्यायिक रिमांड का आदेश पारित हुआ था।










































