Samvidhan Gaurav Diwas: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर परोक्ष हमला करते हुए उन्हें संसद की लाइब्रेरी में 15 मिनट का समय व्यतीत करने की सलाह दी।
Samvidhan Gaurav Diwas: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को देशवासियों को संविधान गौरव दिवस की बधाई दी। इस दौरान, नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संविधान का सम्मान करना सभी भारतीयों का महत्वपूर्ण और गौरवमयी दायित्व है, मगर दुर्भाग्य की बात है कि आजादी के बाद संविधान को एक प्रकार से शासन चलाने की मार्गदर्शिका मात्र मानने का प्रयास हुआ।
शाह का राहुल पर परोक्ष हमला
अमित शाह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर परोक्ष हमला करते हुए उन्हें संसद की लाइब्रेरी में 15 मिनट का समय व्यतीत करने की सलाह दी। उन्होंने कहा, ”जो लोग हाथ में संविधान लेकर घूम रहे हैं। उनको मेरा विन्रम निवेदन है कि संसद की लाइब्रेरी में जाकर 15 मिनट संविधान के लिए निकालें और संविधान की आत्मा को समझने के लिए नंदलाल बोस के चित्र को देखें।”
उन्होंने कहा कि हमारे संविधान में केवल संविधान निर्माताओं का ज्ञान, अनुभव और चिंतन ही नहीं है, जैसा मैंने पहले कहा- स्वतंत्रता आंदोलन की, जो अलख अलग-अलग समय पर जगी, अनेक आंदोलन हुए। अंतिम आंदोलन महात्मा गांधी जी के नेतृत्व में हुआ। उसमें हिस्सा लेने वाले जन सामान्य के स्वप्नों की और आकांक्षाओं का भी प्रतिबिंब इसके अंदर रखा गया है। और इसलिए 1950 में जब हमारा संविधान लागू हुआ, तब सबने तय किया था कि संविधान को हम सब हमारा धर्म ग्रंथ मानकर चलेंगे और वही रास्ते पर चलने का प्रयास करेंगे।
‘डिबेट के लिए बनी है संसद’
अमित शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि संविधान ने लोकतंत्र की सबसे बड़ी पंचायत के लिए संसद का निर्माण किया, लेकिन वो (राहुल गांधी) चाहते हैं कि रोड पर चर्चा करें। इस दौरान, अमित शाह ने राहुल गांधी पर चुनाव आयोग, मतदाता गहन पुनरीक्षण (SIR) को बदनाम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी दुनिया में जाकर देश को बदनाम करने का काम करते हैं और यह संविधान के प्रति सम्मान नहीं है। हम भी बहुत लंबा समय विपक्ष में बैठे हैं, मगर हमने कभी रोड पर बहस की मांग नहीं की। देश की अदालत को अच्छा-बुरा नहीं कहा। संसद को अच्छा-बुरा नहीं कहा। संसद में चर्चा को ठुकराया नहीं है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: लखनऊ में अमित शाह पर बरसे मल्लिकार्जुन खरगे
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की दिक्कत यह है कि जब से वो आए हैं उन्हें एक भी विजय नहीं मिली। 20 साल से चुनाव हार रहे हैं। उत्तर भारत में एक कहावत है कि नाच न आए आंगन टेड़ा। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी को सलाह दी कि आपको देश की समस्याओं को जानना पड़ेगा और इसके समाधान लेकर जनता के बीच जाना पड़ेगा। आप हर तीसरे महीने छुट्टी मनाने विदेश चले जाते हैं। देश में सूखा है, बाढ़ है… उसकी कोई दरकार नहीं है।










































