मुंबई इंडियंस को किया अनफॉलो, फिर किया फॉलो, हार्दिक पंड्या ये क्या कर रहे हैं?

0

नई दिल्ली: आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन जितना मैदान पर खराब रहा है, मैदान के बाहर का माहौल उससे भी ज्यादा गर्माया हुआ है। रविवार को रायपुर में आरसीबी के हाथों मिली करारी हार ने न केवल मुंबई को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया, बल्कि टीम के भीतर मचे घमासान को भी सरेआम कर दिया। टीम के कप्तान हार्दिक पंड्या , जो पहले से ही अपनी चोट और कप्तानी को लेकर फैंस के निशाने पर हैं, अब एक नए विवाद में फंस गए हैं। खबर है कि टीम के बाहर होते ही हार्दिक ने अपनी ही टीम को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो कर दिया, जिसने आग में घी डालने का काम किया है।

इंस्टाग्राम पर अनफॉलो-फॉलो का खेल

विवाद की शुरुआत तब हुई जब आरसीबी से हार के कुछ ही देर बाद फैंस ने नोटिस किया कि हार्दिक पंड्या की फॉलोइंग लिस्ट 151 से घटकर 150 रह गई है और उसमें से मुंबई इंडियंस का नाम गायब है। हालांकि, जब सोशल मीडिया पर हंगामा बढ़ा, तो कुछ ही मिनटों में हार्दिक ने दोबारा टीम को फॉलो कर लिया। भले ही इसे एक गलती बताया जा रहा हो, लेकिन मुंबई इंडियंस के गिरते ग्राफ और ड्रेसिंग रूम में बढ़ते तनाव को देखते हुए इसे टीम मैनेजमेंट के प्रति हार्दिक की नाराजगी के रूप में देखा जा रहा है।

हार का कड़वा घूंट और कप्तान का मौन

हार्दिक पंड्या फिलहाल पीठ की चोट की वजह से टीम से बाहर चल रहे हैं, लेकिन उनकी लीडरशिप में टीम का प्रदर्शन बेहद साधारण रहा है। 11 मैचों में 8वीं हार झेलने के बाद मुंबई अब पॉइंट्स टेबल में 9वें नंबर पर है। मैदान पर खिलाड़ियों के बीच वो तालमेल नजर नहीं आ रहा जो कभी मुंबई की पहचान हुआ करता था। इस पूरे सोशल मीडिया ड्रामे पर न तो हार्दिक ने और न ही फ्रेंचाइजी ने कोई आधिकारिक सफाई दी है, जिससे फैंस के बीच फूट की अटकलें और तेज हो गई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here