नई दिल्ली: अनिल अंबानी को लग्जरी लाइफ जीने के लिए जाना जाता है। कहा जाता है कि अपनी इस लग्जरी लाइफ के कारण ही वह बर्बाद हुए थे। लेकिन अब समय बदल गया है। अनिल अंबानी की कई कंपनियां कर्ज से मुक्त हो गई हैं। कई नए प्रोजेक्ट मिल रहे हैं। ऐसे में उनकी गाड़ी फिर से पटरी पर लौटती दिखाई दे रही है। वहीं लग्जरी लाइफ के मामले में बड़े भाई मुकेश अंबानी भी कम नहीं हैं। मुकेश अंबानी के पास महंगे घर से लेकर प्राइवेट जेट तक है, लेकिन इस मामले में छोटे अंबानी भी पीछे नहीं हैं।
किसका घर है कितना महंगा?
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और देश व एशिया के सबसे अमीर शख्स मुकेश अंबानी के घर का नाम एंटीलिया है। मुंबई में बने इस 27 मंजिला घर की कीमत करीब 15 हजार करोड़ रुपये है। यह दुनिया के सबसे महंगे निजी आवासों में एक है। यह आधुनिक विलासिता और वास्तुकला का बेजोड़ नमूना है। एंटीलिया 37,000 वर्ग मीटर में फैला हुआ है। इसमें रहने के लिए हर तरह की सुविधा मौजूद है। इसमें तीन हेलीपैड हैं। यहां कई मंजिलों तक गाड़ियां खड़ी करने की जगह है।
वहीं अनिल अंबानी का घर भी विलासिता में एंटीलिया से कम नहीं है। अनिल अंबानी के घर का नाम एबोड है। यह मुंबई के सबसे आलीशान इलाकों में से एक पाली हिल में बना है। 17 मंजिला यह घर 16,000 वर्ग फुट में फैला हुआ है। ऐसे में यह मुकेश अंबानी के घर से काफी छोटा है। इसकी कीमत करीब 5 हजार करोड़ रुपये है। लेकिन इसमें भी काफी आलीशान सुविधाएं मौजूद हैं।