पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना जिसका लक्ष्य हर घर नल हर घर जल पहुँचाना है। वारासिवनी जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत मुरझड़ के कोसरी टोला में दम तोड़ती नजर आ रही है। यहाँ योजना के क्रियान्वयन में बरती गई लापरवाही और पर्याप्त पानी की आपूर्ति ना होने से ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया है। आलम यह है कि आक्रोशित ग्रामीणों ने अब अपने नल कनेक्शन कटवाना शुरू कर दिए हैं।
योजना मेंं मिल रहा चार बाल्टी पानी हैंडपंप पर लग रही लाइन
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर मुख्यालय से लगी ग्राम पंचायत मुरझड़ के कोसरीटोला में भीषण पानी की किल्लत और ग्रामीणों को हो रही दिक्कत को देखते हुए शासन के द्वारा नल जल योजना स्वीकृत की गई थी। योजना अंतर्गत ग्रामीणों को लाभान्वित करने के लिए नल कनेक्शन दिए गए। प्रशासन ने पानी की टंकी तो बनवा दी और घर घर पाइपलाइन भी बिछा दी लेकिन पानी की आपूर्ति के नाम पर सिर्फ औपचारिकता निभाई जा रही है। पूरे २४ घंटे में मात्र एक बार सुबह के वक्त २० मिनट के लिए नल खोले जाते हैं जिससे बमुश्किल ४ बाल्टी पानी ही मिल पाता है। यह पानी एक छोटे परिवार के लिए पीने के उपयोग हेतु भी पर्याप्त नहीं है। विडंबना यह है कि इस नाम मात्र की आपूर्ति के बदले ग्रामीणों से प्रतिमाह नियमित शुल्क वसूला जा रहा है। वर्तमान में पारा बढऩे के साथ ही जल स्तर नीचे चला गया है जिससे क्षेत्र में जल संकट और गहरा गया है। नल से पानी ना मिलने के कारण ग्रामीणजन सुबह से ही सार्वजनिक हैंडपंपों और कुओं पर लाइन लगाने को मजबूर हैं। हैंडपंपों पर भीड़ बढऩे के कारण आए दिन ग्रामीणों के बीच विवाद और तीखी नोकझोंक की स्थिति निर्मित हो रही है। निस्तार नहाने.धोने के लिए पानी जुटाना अब ग्रामीणों की दिनचर्या की सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। कोसरी टोला के निवासियों ने तंग आकर अब कड़ा कदम उठाना शुरू कर दिया है। ग्रामीणों का तर्क है कि जब हमें अपनी जरूरत का पूरा पानी हैंडपंप और कुएं से ही लाना है तो महज ४ बाल्टी पानी के लिए हम पंचायत को शुल्क क्यों दें। इसी आक्रोश के चलते कई परिवारों ने अपने कनेक्शन खुद ही कटवा दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी शासन की योजना उन्हें राहत देने में असमर्थ साबित हुई है। ग्राम पंचायत और संबंधित विभाग के जिम्मेदारों को इस समस्या से कई बार अवगत कराया गया है। लेकिन अब तक समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों की मांग है कि नियमित और पर्याप्त समय तक पानी की सप्लाई सुनिश्चित की जाए।
नल जल योजना का पानी नही मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश-सुनील मेश्राम
ग्रामीण सुनील मेश्राम ने बताया कि नल जल योजना की यह स्थिति है कि २० मिनट दिन में एक बार ना लाता है करीब ४० लीटर पानी उसमें मिल पाता है। यानी चार बाल्टी हमारे परिवार में दो से तीन लोग हैं तो पीने का गुजारा हो जाता है निस्तार के लिए बाहर से पानी लाते हैं। जब हमारे यहां यह स्थिति है तो बाकी घरों में भी ऐसा ही है पानी की दिक्कत है। हम तो यही चाहते हैं कि नल जल योजना से आधा घंटा प्रेशर से पानी दे ताकि सभी को पर्याप्त पानी हो। लोग जो हैंडपंप से पानी लाते हैं उन्हें नल से पर्याप्त पानी मिले परंतु ऐसा नहीं है कई बार तो पीने के लिए भी हैंडपंप से पानी लाते हैं।
नल जल योजना से ग्रामीणों को नही मिलता पर्याप्त पानी-ऐमू घोडेश्वर
ऐमू घोड़ेश्वर ने बताया कि नल जल योजना का नल कनेक्शन हमारे घर में लगा था जिससे पानी नहीं मिलता था तो हमने नल कटवा दिया। जब से कनेक्शन लगाए थे तब से यही हालत थी कि ३ गुंड पानी मिलता था तो हैंडपंप का पानी लाना पड़ता था। ऐसे में जब पानी हैंडपंप से ही लेना है तो दो तीन गुंड के लिए नल कनेक्शन की क्या जरूरत है तो हमने नल कनेक्शन कटवा दिया। कई लोगों के यहाँ यही स्थिति है यह जो हमारे घर वाली गली है यहां के पूरे लोग हैंडपंप पर पानी लेने आते हैं। नल का थोड़ा बहुत पानी आता है जब से यह पानी की टंकी बनी है तब से पानी की समस्या बनी हुई है पर्याप्त किसी को भी कभी नहीं मिला है।
शिकायत करने के बाद भी योजना में नही होता सुधार-लगेंद्र पारधी
लगेन्द्र पारधी ने बताया की हम कोसरीटोला रहते हैं यहां नल जल योजना चालू है। परंतु थोड़ा सा पानी मिलता है सुबह में एक टाइम पानी आता है पीने के लिए थोड़ा बहुत हो जाता है। बाकि पूरा पानी बाहर हैंडपंप और कुएं से लाना पड़ता है यह जो नल का पानी मिलता है ना वह सिर्फ पीने के लिए होता है। इस संबंध में किसको क्या कहे यह समझ नहीं आ रहा है अभी गर्मी समय की यह समस्या नहीं है हर समय ऐसा ही रहता है। कई बार तो योजना में सुधार हो सभी को पानी मिले इसके लिए शिकायत की गई है पर आज तक कुछ नहीं हुआ है दिक्कत बनी हुई है।










































