तेज रफ्तार और यातायात नियमों के उल्लंघन पर बालाघाट यातायात पुलिस सख्त
दो मोटरसाइकिल चालकों पर वैधानिक कार्रवाई
बालाघाट/आमजन की सुरक्षा और शहर में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बालाघाट पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में यातायात पुलिस ने बुलेट मोटरसाइकिलों में अनधिकृत रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज एवं पटाखे जैसी आवाज निकालने तथा तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की है।
यातायात पुलिस के अनुसार 11 सितंबर को वाहन चेकिंग के दौरान दो मोटरसाइकिल चालकों को बुलेट में अनधिकृत मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज निकालते और तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। दोनों वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।पुलिस ने बताया कि मॉडिफाइड साइलेंसर के कारण निकलने वाली तेज एवं पटाखे जैसी आवाज से आम लोगों को असुविधा होने के साथ ही ध्वनि प्रदूषण भी बढ़ता है। वहीं तेज रफ्तार से वाहन चलाने के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा भी प्रभावित होती है।यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा नियमित रूप से वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने तेज रफ्तार से वाहन चलाने तथा वाहनों में अनधिकृत मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।बालाघाट पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में अनाधिकृत अथवा मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग न करें तथा निर्धारित गति सीमा एवं यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने नागरिकों से स्वयं के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग की अपील की है।










































