मोहगांव खुर्द में संगीतमय श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह जारी

0

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम मोहगांव खुर्द में आयोजित संगीतमय श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह के चौथे दिन आज पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया। आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन में धर्म पथिक राष्ट्रीय प्रवक्ता पूज्य शैलेंद्र कृष्ण वृन्दावन धाम ने अपनी अमृतवाणी से श्रद्धालुओं को निहाल कर रहे हैं। १० मई को यहां श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ भव्य दिव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने शिरकत कर अपने सर पर मंगल कलश धारण कर शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा ग्राम के विभिन्न चौक चौराहा और गलियों का भ्रमण करते हुए कथा स्थल पहुंची। जहां शोभायात्रा का समापन कर ग्राम देवता पूजन और भागवत माहात्म्य कथा के साथ भक्ति पर्व का आगाज हुआ। कथा के दूसरे दिन सोमवार को श्री परीक्षित जन्म और श्री शुकदेव के आगमन का प्रसंग सुनाया गया जिसने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसी प्रकार मंगलवार को ध्रुव चरित्र, जड़ भरत और प्रहलाद चरित्र के माध्यम से भक्त और भगवान के अटूट संबंध की व्याख्या की गई। वहीं बुधवार को कथा के चौथे दिन पूज्य महाराज श्री ने गजेंद्र मोक्ष, समुद्र मंथन और बलि वामन संवाद के मर्मस्पर्शी प्रसंगों का वर्णन किया। जिसके बाद श्री राम जन्म और श्री कृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन हुआ इस दौरान पंडाल में मौजूद श्रद्धालु भाव.विभोर होकर झूम उठे। जैसे ही भगवान श्री कृष्ण का प्राकट्य हुआ पूरा परिसर नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की के जयकारों से गूंज उठा। वहीं श्री राम जन्म पर लोगों ने काफ ी उत्सव मनाते हुए जय जय श्री राम के उद्घोष लगाकर उत्सव मनाया। इस आयोजन में प्रतिदिन शाम ४ बजे से प्रभु इच्छा तक चलने वाली इस ज्ञान गंगा में ना केवल मोहगांव बल्कि आसपास के ग्रामों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसमें गुरुवार को भगवान श्री कृष्ण की बाल लीलाएं माखन चोरी और गोवर्धन पूजन का उत्सव मनाया जाएगा। वहीं १५ मई को महारास लीला और रुक्मणी विवाह का भव्य आयोजन होगा। समापन शनिवार १६ मई को सुदामा चरित्र और महाप्रसाद वितरण के साथ होगा। इस अवसर पर आधिकाधिक संख्या में लोगों से उपस्थित होकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील आयोजन गणों ने की हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here