पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय से सटी ग्राम पंचायत मानपुर के अस्पताल कॉलोनी स्थित श्री मनकामेश्वर महादेव मंदिर में मंगलवार की शाम सर्व हिंदू समाज की एक आवश्यक बैठक संपन्न हुई। बालाघाट प्रभारी (उज्जैन) रत्नभूषण दास एवं अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में क्षेत्र के धार्मिक इतिहास को लेकर एक बड़ा और ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। आयोजित बैठक में जुलाई माह में लालबर्रा में पहली बार धूमधाम से निकाली जाने वाली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि आगामी १८ जुलाई को लालबर्रा क्षेत्र में पहली बार भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली जायेगी। इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए बालाघाट के सहयोग से भगवान जगन्नाथ, भ्राता बलदेव और बहन सुभद्रा जी के विशेष विग्रह लाये जायेगें। इस रथ यात्रा को ऐतिहासिक, अभूतपूर्व और भव्य बनाने के लिए बैठक में विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए निर्णय लिया गया कि सभी समाजों, धार्मिक संस्थाओं और क्षेत्र के प्रबुध्दजनों को विशेष रूप से सम्मिलित किया जायेगा। इस धार्मिक महोत्सव के दौरान एक विशाल कीर्तन-मंडली मुख्य आकर्षण होगी, जो पूरे मार्ग को हरिनाम संकीर्तन से गुंजायमान करेगी। इसके अलावा अन्य कई सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जायेगा।
यह रहेगा संभावित रथ यात्रा मार्ग
बैठक में रथ यात्रा के मार्ग को लेकर एक प्रारंभिक प्रस्ताव पारित किया गया है, जिसके अनुसार श्री हनुमान मंदिर अमोली से प्रारंभ होगी भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा, जो राम मंदिर लालबर्रा, श्रीनिवास मेडिकल स्टोर्स होते हुए मंडी कॉम्पलेक्स मार्ग का भ्रमण करते हुए श्री मनकामेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगा। साथ ही यात्रा के अंतिम रूट, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर आगामी बैठक में विस्तृत चर्चा के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जायेगा। लालबर्रा क्षेत्र के इतिहास में पहली बार आयोजित हो रही इस भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा को लेकर सर्व हिंदू समाज और स्थानीय श्रध्दालुओं में भारी उत्साह और हर्ष का माहौल है। क्षेत्रीय श्रध्द ालुओं ने इस भव्य रथ यात्रा में बढ़-चढक़र हिस्सा लेने और भगवान का रथ खींचकर पुण्य लाभ कमाने का संकल्प लिया है।










































