पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय से होकर गुजरे बालाघाट से सिवनी हाईवे पहुंच मार्ग की स्थिति एक बार फिर दयनीय हो गई है। कंजई से लेकर गर्रा तक यह मुख्य मार्ग पूरी तरह से गड्डों में तब्दील हो चुका है, जिससे जगह-जगह जानलेवा स्थिति निर्मित हो रही है। विगत दिनों ही सडक़ विभाग द्वारा इस मार्ग में बने गड्डों का मरम्मत कार्य करवाया गया था परंतु यह कार्य इतना गुणवत्ताहीन किया गया था कि चंद दिनों के अंदर ही सडक़ की हालत जस की तस हो गई है। डामर उखडऩे के कारण सडक़ पर दोबारा गहरे गड्डे उभर आये हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद जिम्मेदार विभाग मौन साधे बैठा है, जिसे क्षेत्रवासियों में शासन-प्रशासन के प्रति भारी रोष व्याप्त है।
खानापूर्ति साबित हुई मरम्मत, बारिश के पानी से बढ़ी आफत
आपको बता दें कि बालाघाट से सिवनी हाईवे मार्ग के लालबर्रा बस स्टैंड से मजार तक एवं अन्य स्थानों पर सडक़ विभाग ने कुछ दिनों पूर्व ही जानलेवा गड्डों को भरने का काम किया था। लेकिन तकनीकी मानकों की अनदेखी और घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग के कारण कुछ ही दिनों में डामर उखडऩे लगा है। वर्तमान में स्थिति यह है कि इन जानलेवा गड्डों में बारिश का पानी जमा हो गया है। इसके चलते स्कूली बच्चों, राहगीरों और ग्रामीणों का आवागमन करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही गड्डों में पानी जमा होने से दुर से गड्डे दिखाई नही दे रहे है जिससे दुर्घटनाएं भी घटित हो रही है। राहगीरों ने बताया कि यह हाईवे बालाघाट से सिवनी और छिंदवाड़ा होते हुए प्रदेश की राजधानी भोपाल को जोडऩे वाला एक अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है। इसके बावजूद विभाग द्वारा मरम्मत के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की गई, जो अब जनता के लिए जी का जंजाल बन चुकी है। इसलिए शासन-प्रशासन से मांग है कि मरम्मत कार्य में अनियमितता बरतने वाले संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार पर सख्त कार्यवाही करने, सडक़ में बने गड्डों का गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कार्य करवाने, बरसात का मौसम समाप्त होने के बाद इस मार्ग के लिए स्वीकृत हो चुकी फोरलेन सडक़ का निर्माण कार्य अविलंब प्रारंभ किये जाने की मांग की है ताकि क्षेत्र की जनता को इस स्थाई समस्या और आये दिन हो रहे हादसों से निजात मिल सके।
बाईट – दीपक कावरे जनपद सदस्य – लालबर्रा।










































