सीहोर। जिले में भ्रष्टाचार के विरोध का अनोखा मामला सामने आया है। यहां कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने जर्जर हो चुकी सीहोर-श्यामपुर सड़क पर बैठकर मुंडन कराया और सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
बताया जा रहा है कि यह सड़क प्रदेश की पहली एफडीआर तकनीक से बनाई गई थी, लेकिन निर्माण के एक साल के भीतर ही सड़क जगह-जगह से उखड़ गई।
30 करोड़ की सड़क बनी परेशानी
करीब 28 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से किया गया था। निर्माण के समय दावा किया गया था कि एफडीआर तकनीक से बनी सड़क की उम्र सामान्य सड़कों से ज्यादा होगी और लागत भी कम आएगी।
हालांकि अब सड़क की हालत पूरी तरह खराब हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी सड़क लोगों के लिए परेशानी और हादसों का कारण बन रही है।
रोज हजारों लोग करते हैं सफर
कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने कहा कि यह सड़क सीहोर शहर और ग्रामीण इलाकों को जोड़ने वाली प्रमुख सड़क है। इसी मार्ग से लोग शाजापुर और राजगढ़ की ओर भी आवागमन करते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क की खराब गुणवत्ता के कारण कई लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं, लेकिन अब तक जिम्मेदारों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।










































