सुविधा बनी दुविधा, लाखों की लागत से बना यात्री प्रतीक्षालय एवं शौचालय जर्जर

0

टूटी कुर्सियों और गंदगी के बीच बस का इंतजार करने को मजबूर यात्री
बस स्टैंड पर गंदगी का अंबार, पेशाबघर की टाइल्स उखड़ीं, सफाई कर व्यवस्था में सुधार की उठी मांग

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय के हदय स्थल बस स्टैंड पर लाखों रूपये की लागत से बना यात्री प्रतीक्षालय और सार्वजनिक पेशाबघर देखरेख के अभाव में बदहाली के आंसू बहा रहा है। शासन-प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए निर्मित यह परिसर नियमित साफ-सफाई न होने और रखरखाव के अभाव में अब लोगों के लिए भारी असुविधा का केंद्र बन चुका है। वहीं दूर-दराज जाने वाले यात्रियों को धूप और बारिश से बचाने तथा बस के इंतजार के दौरान बैठने की सुविधा देने के उद्देश्य से जनपद पंचायत के अधीन इस प्रतीक्षालय का निर्माण कराया गया था। इसके साथ ही एक सार्वजनिक पेशाबघर भी बनवाया गया था। लेकिन वर्तमान में बस स्टैण्ड एवं उसके पीछे हाई स्कूल मार्ग पर बना शौचालय (प्रसाधन) रखरखाव की जिम्मेदारी संभाल रही एजेंसी की अनदेखी के कारण उक्त स्थान पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है और जर्जर हो चुकी है। साथ ही कुछ लोग यात्री प्रतिक्षालय में शराब का सेवन भी करते है, जिसके चलते कुछ स्थानों पर शराब की बोतल में पड़ी हुई है। वहीं यात्री प्रतिक्षालय में बैठने की कुर्सी टूट-फुट चुकी है, शौचालय व प्रतिक्षालय मेंं गंदगी होने से सभी को परेशानी हो रही है। इस कारण से लोग यात्री प्रतिक्षालय में न बैठते हुए दुकानों के सामने बैठकर बस का इंतजार करने मजबूर है। लेकिन जिम्मेदारों के द्वारा इस समस्या की ओर कोई ध्यान नही दिया जा रहा है जिससे जनपद प्रशासन के प्रति लोगों में रोष व्याप्त है।

आपकों बता दे कि लालबर्रा के हद्यस्थल बस स्टैण्ड में लाखों रूपयों की लागत से यात्रीगणों की सुविधा के लिए विगत वर्ष पूर्व लाखों रूपयों की लागत से यात्री प्रतिक्षालय एवं बस स्टैण्ड के पीछे बने पुरूष प्रसाधन का निर्माण किया गया है। जिसकी देख-रेख करने का जिम्मेदार जनपद प्रशासन की है, लेकिन देख-रेख के अभाव में जीर्णशीर्ण होने के साथ ही गंदगी का अंबार लगा हुआ है। साथ ही यात्रीगणों के लिए ठंडे पानी की मशीन भी उपलब्ध है लेकिन नियमित सफाई नही होने से उक्त स्थान पर गंदगी फैली हुई है। इसी तरह यात्री प्रतिक्षालय के अंदर एवं पुरूष प्रसाधन में गंदगी का अंबार लगा हुआ है किन्तु जिम्मेदारों के द्वारा कोई ध्यान नही दिया जा रहा है। वहीं प्रतीक्षालय में यात्रियों के बैठने के लिए लगाई गई कुर्सियां टूट-फूट चुकी हैं, जिससे लोगों को घंटों खड़े रहकर बस का इंतजार करना पड़ता है। वहीं पेशाबघर की स्थिति और भी बदतर है। वहां की टाइल्स उखड़ चुकी हैं और नियमित सफाई न होने से चारों तरफ गंदगी का अंबार लगा हुआ है। दुर्गंध के कारण यात्रियों का वहां रूकना तक दूभर हो गया है। बस स्टैंड पर प्रतिदिन आने-जाने वाले सैकड़ों यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को इस अव्यवस्था के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जनसुविधा के नाम पर बनी यह इमारत अब केवल कागजों और ढांचों में ही सीमित रह गई है। स्थानीय निवासियों एवं यात्रियों ने जनपद पंचायत व संबंधित प्रशासन से मांग की है कि यात्री प्रतीक्षालय एवं पुरूष प्रसाधन की तत्काल मरम्मत, टूटी कुर्सियों को बदलने तथा पेशाबघर की नियमित साफ-सफाई की पुख्ता व्यवस्था करने की मांग की है ताकि आम जनता को हो रही परेशानियों से निजात मिल सके।

दूरभाष पर जनपद पंचायत लालबर्रा की प्रभारी सीईओं सुश्री शाह ने बताया कि लालबर्रा बस स्टैण्ड के यात्री प्रतिक्षालय एवं प्रसाधन में फैली गंदगी की सफाई एवं अन्य सुविधाओं के अभाव के कारण लोगों को हो रही परेशानियों के संबंध में चर्चा की गई तो उन्होने कहा कि आपके माध्यम से यह मामला संज्ञान में आया है। जल्द ही स्थल निरीक्षण कर साफ-सफाई करवा दी जायेगी एवं अन्य समस्याओं को भी दुर करने का प्रयास किया जायेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here