गुरुवार शाम स्थानीय बस स्टैंड स्थित अवंती बाई चौक पर अचानक जाम की स्थिति बन गई। देखते ही देखते चारों दिशाओं से आने वाले वाहन चौक पर फंस गए और यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया। यह जाम करीब एक घंटे तक बना रहा, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोगों ने जाम का कारण रेलवे फाटक के देर से खुलने को बताया, जबकि अन्य का मानना था कि अव्यवस्थित यातायात और नियमों का पालन नहीं होने के कारण यह स्थिति बनी। शाम करीब 6 बजे शुरू हुआ जाम धीरे-धीरे बढ़ता गया और लगभग 7:30 बजे के आसपास जाकर स्थिति सामान्य हो सकी।
शहर में लगातार बिगड़ती यातायात व्यवस्था अब आमजन के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनती जा रही है। प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात होने के बावजूद हालात में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है। इसका ताजा उदाहरण 16 अप्रैल की शाम स्थानीय अवंती बाई चौक पर देखने को मिला, जहां अचानक जाम की स्थिति निर्मित हो गई। शाम करीब 6 बजे शुरू हुआ यह जाम देखते ही देखते विकराल रूप ले बैठा। चार से पांच अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहन एक साथ चौक पर पहुंच गए और अव्यवस्थित तरीके से खड़े हो गए, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। बूढ़ी , कालीपुतली, भटेरा, बूढ़ी अस्पताल और गुजरी मार्ग से आने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि चौक पर बड़े चारपहिया वाहनों के साथ-साथ दोपहिया वाहनों के निकलने तक की जगह नहीं बची। हर दिशा से वाहन चौक के बीचों-बीच फंस गए और धीरे-धीरे पूरे क्षेत्र में जाम फैल गया। जाम में फंसे वाहन चालक लगातार हॉर्न बजाते रहे, लेकिन व्यवस्था सुधारने के लिए पर्याप्त प्रयास नजर नहीं आए। हालांकि मौके पर यातायात पुलिस के जवान मौजूद थे, लेकिन जाम इतना बड़ा था कि एक-दो पुलिसकर्मियों के लिए इसे नियंत्रित करना संभव नहीं हो सका। यह जाम लगभग शाम 6:00 बजे के बीच शुरू हुआ और करीब 7:30 बजे जाकर पूरी तरह खुल पाया। इस दौरान लगभग एक घंटे से अधिक समय तक वाहन चालक परेशान होते रहे। जाम के दौरान कुछ दोपहिया वाहन चालक असंतुलित होकर गिरते भी नजर आए, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। फिर भी इस अव्यवस्था ने लोगों को काफी असुविधा में डाल दिया। गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से पुलिस विभाग द्वारा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर यातायात सुधारने के प्रयास किए जा रहे हैं और हेलमेट चेकिंग जैसे अभियान भी चलाए जा रहे हैं। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर यातायात व्यवस्था सुचारू नहीं हो पा रही है । जाम की सूचना मिलने के बाद यातायात विभाग की टीम करीब आधे से एक घंटे बाद मौके पर पहुंची और धीरे-धीरे वाहनों को व्यवस्थित कर जाम खुलवाया गया। वहीं, अवंती बाई चौक पर नगर पालिका द्वारा खोदी गई नाली भी इस समस्या का एक बड़ा कारण बनती नजर आई। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई दिनों से नाली खुदी हुई है, लेकिन उसका मरम्मत कार्य पूरा नहीं किया गया है, जिससे सड़क संकरी हो गई है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।










































