पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। खैरलांजी थाना अंतर्गत ग्राम आरंभा के बाजार चौक पर रविवार की सुबह चाकूबाजी की घटना सामने आई। इस वारदात में ग्राम आरंभा निवासी ३८ वर्षीय रमेश पिता भिकम ठाकरे गंभीर रूप से घायल हो गए। चाकू से हुए हमले में उनके बाएं हाथ पर तीन स्थानों पर चोट आई है जिसमें एक जगह चाकू आर पार हो गया। घायल को परिजनों के द्वारा तत्काल खैरलांजी के उपस्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां उनका उपचार जारी है। वहीं पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
धान के बोझे घर लाने के लिए कर रहे थे बातचीत
प्राप्त जानकारी के अनुसार इन दिनों क्षेत्र में धान कटाई का कार्य चल रहा है। ग्राम आरंभा निवासी रमेश ठाकरे ने अपने खेत में धान कटाई का कार्य करवा लिया था। कटाई के बाद धान के बोझे घर लाने के लिए उन्हें ट्रैक्टर की आवश्यकता थी। इसी सिलसिले में रविवार की सुबह वह ट्रैक्टर चालक से फ ोन पर बातचीत कर रहे थे। बातचीत करते हुए वह ग्राम के बाजार चौक स्थित चाय दुकान के सामने पहुंच गए जहां फ ोन पर ट्रैक्टर चालक से चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद प्रफुल्ल जैतवार ने रमेश ठाकरे से यह कहते हुए विवाद शुरू कर दिया कि तुमने मुझे यह बात कही थी। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि प्रफुल्ल जैतवार ने चाकू निकालकर रमेश ठाकरे पर हमला कर दिया। अचानक हुए चाकू के हमले से रमेश ठाकरे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके बाएं हाथ पर तीन जगह चाकू से वार किए गए जिसमें एक स्थान पर चाकू आर पार हो गया। हमले के बाद रमेश अपनी जान बचाकर वहां से भागे और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल खैरलांजी के उपस्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए भर्ती कराया। वहीं पुलिस के द्वारा मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है।
आरोपी पर हो कठोर कार्यवाही -रमेश ठाकरे
घायल रमेश ठाकरे ने बताया कि खेत में धान के बोझे बांधकर घर लाने के लिए वह ट्रैक्टर चालक से फोन पर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान पास में खड़ा एक व्यक्ति जो शराब के नशे में प्रतीत हो रहा था मुझसे कहने लगा कि तुमने मुझे यह बात कही है। जबकि मैं ट्रैक्टर चालक से बात कर रहे थे। इसी बात को लेकर उसने विवाद शुरू कर दिया और चाकू निकालकर हमला कर दिया। रमेश ठाकरे ने प्रफुल्ल जैतवार पर हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय दिलाने और आरोपी के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की है।










































